बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election 2025) अब निर्णायक दौर में प्रवेश कर चुका है। पहले चरण के लिए नामांकन की प्रक्रिया आज से आधिकारिक रूप से शुरू हो गई है, जिससे राज्य की राजनीति में नई हलचल तेज़ हो गई है। इस चरण में कुल 18 जिलों की 121 सीटों पर उम्मीदवार अपने नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। यह सभी जिले उत्तर बिहार और मगध क्षेत्र के राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण इलाकों में आते हैं, जो हमेशा से चुनावी रणनीति का केंद्र रहे हैं।
पहले चरण में नामांकन की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर तय की गई है। राजनीतिक दलों ने उम्मीदवारों की सूची तैयार करने और स्थानीय समीकरणों को साधने में पूरी ताकत झोंक दी है। जानकारों के अनुसार, इस चरण की कई सीटें ऐसी हैं जो पूरे बिहार के चुनावी ट्रेंड को दिशा दे सकती हैं।
फर्स्ट फेज में इन जिलों में होगा चुनाव
गोपालगंज, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, भोजपुर, बक्सर, पटना, वैशाली, दरभंगा, समस्तीपुर, शेखपुरा, लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, बेगूसराय, सहरसा, मधेपुरा, खगड़िया।

इस चरण में कई आरक्षित सीटें भी हैं — जिनमें सिंहेश्वर, सोनबरसा, बखरी, राजगीर, फुलवारी, मसौढ़ी और अगिआंव प्रमुख हैं। बिहार में इस बार चुनाव दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण की वोटिंग 6 नवंबर 2025 को होगी जबकि दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को निर्धारित है। चुनावी नतीजे 14 नवंबर 2025 को घोषित किए जाएंगे।






















