Sultanganj Vidhansabha 2025: सुलतानगंज विधानसभा सीट (निर्वाचन क्षेत्र संख्या-157) बिहार की उन अहम सीटों में गिनी जाती है, जहां का इतिहास और वर्तमान दोनों ही राजनीतिक दलों की किस्मत का आईना दिखाते हैं। भागलपुर जिले और बांका लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली यह सीट 1951 से अस्तित्व में है और अब तक 17 चुनाव देख चुकी है। शुरुआती दौर में कांग्रेस यहां सबसे मजबूत पार्टी रही, जिसने आठ बार जीत दर्ज की। लेकिन 1985 के बाद से कांग्रेस का सितारा इस सीट पर डूबता चला गया।
चुनावी इतिहास
वर्तमान में सुलतानगंज पर जेडीयू का दबदबा है, जिसने बीते चार विधानसभा चुनावों में लगातार जीत हासिल कर अपनी पकड़ मजबूत की। 2010 और 2015 में जेडीयू के सुबोध रॉय ने लगातार जीत दर्ज की थी। इसके बाद 2020 के चुनाव में जेडीयू के ललित नारायण मंडल ने कांग्रेस उम्मीदवार ललन कुमार को 11,565 वोटों के अंतर से हराकर सत्ता का स्वाद चखा। चुनाव आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, मंडल को 72,823 वोट मिले जबकि कांग्रेस प्रत्याशी को 61,258 वोट हासिल हुए।
जातीय समीकरण
अगर जातीय समीकरण पर नजर डालें तो यह सीट राजनीतिक दलों के लिए चुनौती और अवसर दोनों लेकर आती है। मुस्लिम और यादव समुदाय यहां निर्णायक भूमिका निभाते हैं। इनके अलावा भूमिहार, राजपूत, ब्राह्मण, कुर्मी, कोइरी और रविदास वोटरों की भी उल्लेखनीय संख्या है। यही कारण है कि हर चुनाव में दलों को समीकरण साधने की सबसे बड़ी चुनौती इन जातीय समूहों को साधने की रहती है।
पीरपैंती विधानसभा 2025: मुस्लिम-यादव वोट बैंक और आरजेडी-भाजपा का रोमांचक मुकाबला
2011 की जनगणना के अनुसार, सुलतानगंज की जनसंख्या 4,36,079 है, जिसमें 87.87 प्रतिशत ग्रामीण और 12.13 प्रतिशत शहरी क्षेत्र से आते हैं। अनुसूचित जाति की आबादी 12.97 फीसदी और अनुसूचित जनजाति की महज 0.02 फीसदी है। वहीं 2019 की वोटर लिस्ट बताती है कि यहां 3,21,987 मतदाता हैं। यह आंकड़ा बताता है कि यहां का हर वोट चुनावी नतीजों को निर्णायक बना सकता है।
सुलतानगंज की सबसे बड़ी राजनीतिक सच्चाई यह है कि जहां कभी कांग्रेस का दबदबा था, वहीं आज जेडीयू ने उसे पूरी तरह पीछे छोड़ दिया है। हालांकि, कांग्रेस लगातार अपनी वापसी की कोशिश कर रही है, लेकिन पिछले तीन दशक से यहां का गणित उसके पक्ष में नहीं जा पा रहा। 2025 के चुनाव में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या जेडीयू अपने गढ़ को कायम रख पाती है या विपक्ष कोई बड़ा उलटफेर कर पाता है।






















