पटना। बिहार में अपराध पर लगाम कसने के लिए पुलिस (Bihar Police Action) ने इस वर्ष अब तक ऐतिहासिक सफलता दर्ज की है। राज्य पुलिस के एडीजी (विधि-व्यवस्था) पंकज कुमार दराद के अनुसार जनवरी से जुलाई 2025 तक कुल 2 लाख 28 हजार 188 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें से 8,823 हार्डकोर अपराधी और 141 नक्सली शामिल हैं। इनमें एक से डेढ़ दर्जन इनामी नक्सली भी पकड़े गए हैं, जिन पर 1 से 2 लाख रुपये तक का इनाम घोषित था।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए अपराधियों में हार्डकोर अपराधियों का प्रतिशत करीब 40% है, जो इस वर्ष की सबसे बड़ी उपलब्धि है। राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बिहार पुलिस ने विशेष रणनीति बनाकर थानों से लेकर एसटीएफ तक को इस अभियान में लगाया है।
अगर पिछले तीन वर्षों से तुलना की जाए तो यह आंकड़ा काफी बड़ा है। वर्ष 2024 में पूरे साल भर में 3.35 लाख अपराधियों को पकड़ा गया था, जबकि 2023 में 3.51 लाख और 2022 में 3.46 लाख अपराधियों की गिरफ्तारी हुई थी। इस साल केवल सात महीनों में ही 2.28 लाख गिरफ्तारी दर्ज की जा चुकी है, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि वर्ष के अंत तक यह संख्या पिछले वर्षों की तुलना में दोगुनी हो सकती है।
Patna Fake IPS Arrest.. ADG के नाम से बनाता था ईमेल, सरकारी दफ्तरों में जमाता था धौंस
गिरफ्तारियों के साथ-साथ अवैध हथियार और कारतूस की बरामदगी पर भी पुलिस का जोर रहा है। जुलाई 2025 तक पुलिस ने 16,301 कारतूस और 2,625 अवैध हथियार बरामद किए हैं। इसके अलावा 38 ऐसे हथियार भी बरामद हुए हैं, जो पुलिस से छीने गए या चोरी किए गए थे। 2024 में 4,917, 2023 में 4,813 और 2022 में 4,288 हथियार पकड़े गए थे।
अवैध मिनीगन फैक्ट्रियों के खिलाफ भी पुलिस की कार्रवाई जारी है। इस वर्ष जुलाई तक 36 मिनीगन फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया गया, जबकि 2024 में 114, 2023 में 55 और 2022 में 32 फैक्ट्रियों पर कार्रवाई हुई थी। पुलिस ने हर थाने को हार्डकोर अपराधियों की सूची तैयार करने और फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया है।
पुलिस के मुताबिक, इस कार्रवाई का असर राज्य की कानून-व्यवस्था पर साफ दिख रहा है। लगातार हो रही गिरफ्तारी और हथियार बरामदगी ने न केवल अपराधियों का नेटवर्क कमजोर किया है बल्कि नक्सल गतिविधियों पर भी नकेल कसी है। विश्लेषकों का मानना है कि अगर यही रफ्तार बरकरार रही तो बिहार आने वाले महीनों में अपराध नियंत्रण के मामले में देश के अन्य राज्यों के लिए मिसाल बन सकता है।






















