बिहार में भीषण गर्मी से सभी का हाल बेहाल है। अभी 4 दिन तक लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के अनुसार बक्सर, रोहतास, कैमूर, औरंगाबाद, गया, नवादा, भोजपुर, पटना, अरवल, शेखपुरा, नालंदा, लखीसराय, खगड़िया, बेगूसराय, मुंगेर, जमुई, बांका, भागलपुर में लू चलने की आशंका है।
27 अप्रैल के बाद मिल सकती है राहत
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बिहारवासियों को 27 अप्रैल के बाद भीषण गर्मी एवं लू से राहत मिल सकती है। मौसम वैज्ञानिक संजय कुमार ने बताया कि 27 अप्रैल के बाद सूबे के दक्षिणी हिस्से में पुरवा हवा चलने की संभावना है, जिससे लोगों को लू से राहत मिलेगी। इस दौरान अधिकतम तापमान में आंशिक गिरावट आएगी। पछुआ हवा की गति 8 से 10 किलोमीटर प्रति घंटे रहेगी।
फिर सबसे गर्म शहर रहा बक्सर
इस सीजन में बक्सर लगातार सबसे गर्म शहर रह रहा है। शनिवार को भी यहां का अधिकतम तापमान सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को यहां का अधिकतम तापमान 42.8 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, राजधानी पटना का तापमान 41.4 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है।
शहर————-तापमान—–वृद्धि
सीवान 41.6 3.6
बक्सर 42.8 1.2
पटना 41.4 3.2
रोहतास 41.2 0.2
वैशाली 40.4 4.4
नालंदा 41.0 2.5
औरंगाबाद 41.7 0.6
गया 41.6 1.4
नवादा 41.5 2.0
जमुई 41.6 2.8
बांका 42.1 2.4
भागलपुर 40.0 3.4