बिहार में गर्मी का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। मार्च के महीने में ही तेज धूप और गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले तीन दिनों में तापमान में और 2-3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
गर्मी के शुरुआती दिनों से ही धूप चुभने लगी है। पछुआ हवाएं भी लोगों को परेशान कर रही हैं। हालांकि अभी तक लू की स्थिति नहीं बनी है, लेकिन तापमान में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। आज बिहार का अधिकतम तापमान 32°C से 36°C के बीच रहने का अनुमान है। वहीं रात्रि का न्यूनतम तापमान 16°C से 18°C तक रिकॉर्ड किया जा सकता है।
मौसम विभाग ने 19 मार्च को दक्षिण मध्य और दक्षिण पूर्वी बिहार के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश की संभावना जताई है। 16 मार्च से पटना के आसमान में आंशिक बादल छा सकते हैं।
बच्चों में वायरल संक्रमण का प्रकोप
बदलते मौसम का असर बच्चों के स्वास्थ्य पर भी पड़ रहा है। सरकारी और निजी अस्पतालों में तेज बुखार, सिरदर्द, गले में खराश-कफ, सीने में जकड़न, सांस लेने में घरघराहट जैसी परेशानी से पीड़ित बच्चों की संख्या काफी बढ़ गई है।
तापमान में वृद्धि
पिछले 24 घंटों के दौरान बिहार का सर्वाधिक अधिकतम तापमान 34.9°C मधुबनी में रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.1°C सीतामढ़ी में रिकॉर्ड हुआ। न्यूनतम और अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। बिहार का औसत अधिकतम तापमान 32.1°C और औसत न्यूनतम तापमान 16.4°C रिकॉर्ड हुआ। औसत तपमान में 3-4°C की बढ़ोतरी हुई है।