बिहार समेत 13 राज्यों में नए राज्यपाल नियुक्त किए गए हैं। जिनका आज शपथ ग्रहण होना है। बिहार का नया राज्यपाल राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर को बनाया गया हैं। आज यानी शुक्रवार को दोपहर करीब 1 बजे उन्होंने ने शपथ ग्रहण किया। राज्यपाल के रूप में राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर, फागू चौहान का स्थान लिया है। पटना हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश ने राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर को बिहार के 41 वें राज्यपाल के रूप में शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव, विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी और विधान परिषद के अध्यक्ष देवेश चन्द्र ठाकुर के साथ कई अन्य लोग मौजूद रहे। बता दें कि इससे पहले राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल थे।
जनसमस्याओं के ‘समाधान’ में निकले नीतीश, फंस गए राजनीतिक व्यवधान में
राजेन्द्र विश्वनाथ अर्लेकर का राजनीतिक सफर
राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का जन्म 23 अप्रैल 1954 गोवा की राजधानी पणजी में हुआ था। उन्होंने वर्ष 1989 में एक सामान्य कार्यकर्त्ता के रूप में भारतीय जनता पार्टी से जुड़ कर राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। गोवा में उन्हें भाजपा के महासचिव होने से लेकर साथ कई अन्य संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपी गई। उन्होंने गोवा में भाजपा को संगठनात्मक रूप से मजबूत बनने में बड़ी अहम भूमिका निभाई। वर्ष 2002-2007 और फिर 2012 से 2017 तक वो गोवा के वास्को सीट से विधायक रहे। इस दौरान वर्ष 2012 से 2015 तक वो गोवा विधानसभा के अध्यक्ष रहे। वहीं वर्ष 2015 से 2017 तक उन्होंने गोवा के मंत्री के रूप में भी काम किया।
साल 2014 में जब गोवा के तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर पर्रिकर देश के रक्षा मंत्री बने। उस वक्त गोवा की मुख्यमंत्री के रेस में राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर का नाम काफी आगे था। हालांकि वो गोवा के मुख्यमंत्री नहीं बन सके। वर्ष 2021 में उन्हें हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल नियुक्त किया गया। वहीं अब उन्हें बिहार का राज्यपल बनाया गया है।
इन राज्यों में भी नियुक्त हुए नए राज्यपाल
- अरुणाचल प्रदेश: अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक को नियुक्त किया है।
- सिक्किम: राष्ट्रपति ने सिक्किम के राज्यपाल के रूप में लक्ष्मण प्रसाद आचार्य को नियुक्त किया है।
- झारखंड: सीपी. राधाकृष्णन को झारखंड का राज्यपाल बनाया है।
- हिमाचल प्रदेश: राष्ट्रपति के आदेश के बाद हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में शिव प्रताप शुक्ल को नियुक्त किया गया है।
- असम: असम के राज्यपाल के रूप में गुलाब चंद कटारिया को नियुक्त किया गया है।
- आंध्रप्रदेश: आंध्र प्रदेश के राज्यपाल के रूप में पूर्व जस्टिस एस अब्दुल नजीर को नियुक्त किया गया है।
- छत्तीसगढ़: आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
- मणिपुर: छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके को मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
- नागालैंड: मणिपुर के राज्यपाल ला गणेशन को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
- मेघालय: बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
- बिहार: हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
- महाराष्ट्र: झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया।
- लद्दाख: अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल बीडी मिश्रा को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।