बिस्कोमान निदेशक मंडल के चुनाव आज श्री कृष्ण मेमोरियल हॉल में आयोजित किए जा रहे हैं। मतदान सुबह 8 बजे से लेकर 2 बजे तक होगा, जबकि परिणाम 3 बजे तक घोषित कर दिए जाएंगे। चुनाव में 16 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है, जिनमें विशाल सिंह प्रमुख उम्मीदवार के तौर पर नजर आ रहे हैं।
बिस्कोमान निदेशक मंडल के चुनाव में सामान्य श्रेणी ग्रुप ‘ए’ में विशाल सिंह, विनय कुमार शाही, महेश राय, दिनेश सिंह, नवेंद्र झा, मनोज कुमार, जितेंद्र कुमार, धनंजय गुप्ता, अमानुल्लाह, अयोध्या प्रसाद चौधरी, सुरेश चंद्र सिंह और हरेंद्र नाथ सिंह चौधरी शामिल हैं। वहीं, बिस्कोमान के पूर्व अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह के गुट में भी कई प्रमुख नेता चुनावी मैदान में हैं, जिनमें सुनील कुमार सिंह, वंदना सिंह, रमेश चंद्र चौबे, नेहा चौबे, विनय कुमार, रामकलेवर सिंह, रामविशुन सिंह आदि शामिल हैं।
विशाल सिंह और सुनील कुमार सिंह के बीच निदेशक पद के लिए कड़ा मुकाबला देखा जा रहा है। विशाल सिंह ने अपने पिछले कार्यकाल के दौरान कई उपलब्धियां हासिल करने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि उनके कार्यकाल में भारतीय सहकारी उपभोक्ता संघ लिमिटेड (NCCF) ने 5,968.96 करोड़ रुपये का टर्नओवर किया, और 182.25 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ, जो अब तक का सबसे बड़ा मुनाफा है।
विशाल सिंह भोजपुर जिले के रहने वाले हैं और बिस्कोमान के संस्थापक तपेश्वर सिंह के पोते हैं। उनके पिता अजीत सिंह भी सहकारिता क्षेत्र से लंबे समय तक जुड़े रहे और वह सांसद भी रह चुके हैं। वर्तमान में, विशाल सिंह NCCF के अध्यक्ष हैं और दो साल पहले ही वह निर्विरोध इस पद पर चुने गए थे।
वहीं, बिस्कोमान के पूर्व अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह को 26 जुलाई 2024 को अध्यक्ष पद से हटा दिया गया था। भारत सरकार द्वारा जारी पत्र में कहा गया था कि बिहार राज्य सहकारी विपणन संघ लिमिटेड के चुनाव प्रक्रिया को सहकारिता निर्वाचन प्राधिकरण के आदेश के तहत रद्द कर दिया गया था।