बिहार में यादवों का नाम लिए बिना राजनीति करना बिलकुल भी आसान नहीं है। जातीय गणना के आंकड़ों से भी ये पता चलता है कि बिहार में यादवों की संख्या सबसे अधिक है। इन आकड़ों से उस राजद के हौसले सातवें आसमान पर हैं जिनका कोर वोटर यादवों को माना जाता है। वहीं राजद को काउंटर करने के लिए भाजपा ने भी एक बड़ा प्लान तैयार किया है। भाजपा बिहार में बड़ा यादव दांव चलने जा रही हैं। इसके लिए भाजपा ने बिहार में अपने बड़े यादव नेताओं जैसे नित्यानंद यादव, नवल किशोर यादव और नन्द किशोर यादव को मैदान में उतार दिया है।
भारी संख्या में BJP में शामिल होंगे यादव
भाजपा एक बहुत बड़ा मिलन समारोह करने जा रही है। जिसमें भारी संख्या में यादव समाज के लोग भाजपा में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम के लिए भाजपा ने 14 नवंबर यानि गोवर्धन पूजा का दिन चयन किया है। भाजपा का दावा है कि लगभग 20 हजार से 40 हजार यादव समुदाय के लोग बापू सभागार में भाजपा जॉइन करने आएंगे। मिली जानकारी के अनुसार इस कार्यक्रम के सूत्रधार केन्द्रीय मंत्री नित्यानंद राय हैं। इस बारे में जानकारी देते हुए भाजपा एमएलसी नवल किशोर यादव ने कहा कि यह हमारे लिए बहुत बड़ी सफलता है। अब इस समुदाय के लोगों ने समझ लिया है की उनके सच्चे हितेषी कौन हैं और कौन सी पार्टी उनके बारे में चिंता करती है। राजद के लोग बस अपना मतलब निकालना जानते हैं। ये लोग कभी भी अपना परिवार छोड़ किसी का भी भला नहीं चाहते हैं।

“BJP यादवों को देती है आदर”
नवल किशोर यादव ने कहा कि दुसरे दल के लोग हिन्दू देवी-देवताओं और सनातन धर्म के प्रति अनर्गल बयान देते हैं। जिससे यादव समाज में उनके प्रति काफी रोष है। इसलिए ये लोग भाजपा के साथ आना चाहते हैं। आने वाले चुनाव में ये लोग सनातन का अपमान करने वालों को सबक सिखायेंगे। उन्होंने आगे कहा कि यादवों को भाजपा शुरुआत से हीं आदर और रिप्रेजेंटेशन देती रही है। यादव जाति से आने वाले लोगों को केन्द्रीय मंत्री मंडल में शामिल किया गया है। नवल किशोर यादव ने कहा कि आज मैं सदन में हूं तो यह भारतीय जनता पार्टी का कमाल है। दूसरे लोग तो सिर्फ लोगों को ठगने का काम करते हैं।