बिहार के पटना जिले में पकड़ौआ विवाह का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। गौरीचक थाना क्षेत्र में एक 18 वर्षीय युवक शुभम कुमार का अपहरण कर जबरन शादी कराई गई। इस घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है और शुभम का अब तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है। घटना का वीडियो भी सामने आया है जिसमें शुभम को जबरन शादी के लिए मजबूर किया जा रहा है। पीड़ित के बहनोई प्रेम कुमार ने बताया कि शुभम 5 दिसंबर की शाम बख्तियारपुर के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहां कुछ युवकों ने उसका अपहरण कर लिया और बाद में उसकी जबरन शादी करा दी।
शादी के बाद लड़की को अकेले गौरीचक स्थित शुभम के घर भेज दिया गया। शुभम के परिवार ने इसका कड़ा विरोध किया, जिसके बाद लड़की को उसके घर वापस भेज दिया गया। हालांकि, शुभम का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। शुभम के अपहरण की खबर से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उसके पिता की तबीयत खराब हो गई है और परिवार के अन्य सदस्य भी गहरे सदमे में हैं। बहनोई प्रेम कुमार ने बताया कि घटना के 24 घंटे बाद भी शुभम का कोई सुराग नहीं मिला है।
बता दें कि इस मामले में अपहरण का केस दर्ज किया गया है। युवक की तलाश के लिए पुलिस द्वारा छापेमारी की जा रही है।