सारण जिले में ईंट बनाने की आड़ में मिनी गन फैक्ट्री (Mini Gun Factory) चलाने का मामला सामने आने के बाद बिहार की सियासत एक बार फिर गर्म हो गई है। दरअसल, इस अवैध हथियार फैक्ट्री का संचालक अखिलेश सिंह कुशवाहा है,जो पूर्व में जदयू से जुड़ा सक्रिय कार्यकर्ता था। अब इसको लेकर राजद के नेता तेजस्वी यादव और रोहिणी आचार्य इस पर निशाना साध रहे हैं। हालांकि अखिलेश सिंह कुशवाहा का नाम रोहिणी आचार्य से भी जुड़ रहा है।

रोहिणी आचार्य ने एक्स पर लिखा है कि ”बिहार में निरंतर बढ़ते, बेलगाम, बेकाबू अपराध व अपराधियों के बढ़े हुए मनोबल के प्रति शासन की ढिलाई व अनदेखी की वजह इस खबर से ही स्पष्ट है। सत्ताधारी दल से जुड़े लोगों द्वारा, उनकी देख-रेख व संरक्षण में ही अवैध गन फैक्ट्री का संचालन होने से ही नीतीश कुमार जी के क्राइम से जीरो कॉम्प्रोमाईज की बातों व दावों की पोल खुलती है। सत्ताधारी गठबंधन के तमाम दलों में अपराधियों व गैर-कानूनी कारोबार करने वालों का जमावड़ा है और इसी वजह से सत्ता संरक्षित संगठित अपराध के समक्ष बिहार का पुलिस- प्रशासन भी हाथ पर हाथ धरे खड़े होने को विवश है। ये डबल-इंजन वाली सरकार के शासन का वो मॉडल है, जिसे ‘राक्षस या लंपट राज ‘ कहना अतिश्योक्ति नहीं है। वहीं तेजस्वी यादव ने भी कहा कि इसलिए मैं कहता हूँ बिहार में सत्ता प्रायोजित, सत्ता संपोषित और सत्ता संरक्षित अपराध है।

क्या है पूरा मामला
दरअसल, सारण में ईंट बनाने की आड़ में मिनी गन फैक्ट्री का धंधा चल रहा था। घटना की जांच के लिए कोलकाता STF के पहुंचने पर इसका खुलासा हुआ। कोलकाता पुलिस को सूचना मिली थी कि वहां बड़े पैमाने पर अवैध हथियार का निर्माण हो रहा है। इसके बाद मधुरा थाना के रूपराहिमपुर स्थित फ्लाई ऐश ईंट फैक्ट्री में छापेमारी की गई। मौके से भारी मात्रा में अवैध हथियार और अन्य उपकरण बरामद किए गए। सारण के पुलिस अधीक्षक डॉ. कुमार आशीष ने बताया कि पश्चिम बंगाल पुलिस को अपराध के सिलसिले में इस गिरोह के बारे में सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर कोलकाता एसटीएफ इनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। इसी सूचना के आधार पर छापेमारी की गई।
अब नई संसद की छत से टपक रहा पानी… कांग्रेस सांसद ने शेयर किया वीडियो, अखिलेश ने भी कसा तंज
जदयू और रोहिणी आचार्य से जुड़ा है तार
इन 5 गिरफ्तार हुए व्यक्तियों में इस अवैध हथियार फैक्ट्री का संचालक अखिलेश सिंह कुशवाहा है, जो पूर्व में जदयू से जुड़ा सक्रिय कार्यकर्ता था। विगत लोकसभा चुनाव में राजद उम्मीदवार रोहिणी आचार्य के पक्ष में काम करने के काऱण जिला जदयू अध्यक्ष अल्ताफ आलम राजू ने विगत 12 मई 2024 को उसे पार्टी से निष्कासित कर दिया था। इसकी तस्वीर राजद की महिला नेता सीमा कुशवाहा के साथ वायरल होने पर 5 मई को जदयू जिलाध्यक्ष अल्ताफ आलम राजू ने इससे स्पष्टीकरण मांगा,लेकिन स्पष्टीकरण का कोई जवाब नहीं देने के कारण इसे जदयू से निष्कासित कर दिया गया।