पटना और आसपास के इलाकों में अगले तीन दिनों में मौसम में बदलाव आने वाला है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार शुक्रवार को शहर में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 34 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य रहेगा।
आईजीआईएमएस नर्सिंग कॉलेज में भारी विरोध प्रदर्शन, छात्राएं धरने पर
शनिवार और रविवार को मौसम पूरी तरह बदल जाएगा। इन दो दिनों में बादलों के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने के आसार हैं। बारिश के दौरान तेज हवाएं चलने और बिजली कड़कने की भी संभावना जताई गई है।मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि शनिवार-रविवार को बाहर निकलते समय सावधानी बरतें। खासकर खेतों में काम करने वाले किसान, दोपहिया वाहन चालक और खुले में रहने वाले लोग बिजली गिरने और तेज हवाओं से सतर्क रहें।
वर्तमान में गर्मी और उमस भरा मौसम है, लेकिन सप्ताहांत में बारिश से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, बारिश के बाद फिर से तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।शहर के कई इलाकों में शुक्रवार को निर्धारित समय के अनुसार बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। सुबह 8 से 10 बजे तक पूर्वी और पश्चिमी भीखाचक तथा विष्णुपुरी में बिजली कटेगी। सुबह 10 से 12 बजे तक तेजप्रताप नगर और वृंदावन प्रभावित रहेंगे। सुबह 11 से दोपहर 2 बजे तक प्रियदर्शी नगर, डीपीएस मोड़, सगुना मोड़, मंगलम कॉलोनी, सुधा बूथ, कश्यप ग्रीन सिटी, कोथवन और रामचंद्रनगर में बिजली नहीं रहेगी। इसके अलावा कल्याणी कॉलोनी, सौरभ एनक्लेव, पाइप लाइन और वशिष्ट कॉलोनी में 11 से 1 बजे तथा आदर्श कॉलोनी, मेरेडियन ग्रीन अपार्टमेंट, नीतिबाग कॉलोनी और वीणा विहार अपार्टमेंट में 11 से 3 बजे तक बिजली बाधित रहेगी।



















