बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की प्रगति यात्रा के पहले चरण की नई तारीखों की घोषणा कर दी गई है। अब सीएम 5 जनवरी को मुजफ्फरपुर और 6 जनवरी को वैशाली जिले का दौरा करेंगे। कैबिनेट विभाग ने शुक्रवार को संशोधित कार्यक्रम जारी किया।
मनमोहन सिंह के निधन से बदला शेड्यूल
मुख्यमंत्री का यह दौरा पहले 29 दिसंबर (शुक्रवार) और 30 दिसंबर (शनिवार) को होना था, लेकिन पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन के कारण इसे एक सप्ताह के लिए स्थगित कर दिया गया। उनके सम्मान में बिहार सरकार ने सात दिनों का राजकीय शोक घोषित किया है।
मुजफ्फरपुर में तैयारी जोरों पर थी
सीएम के दौरे से पहले शुक्रवार सुबह से ही मुजफ्फरपुर में प्रशासनिक अधिकारियों की गतिविधियां तेज हो गई थीं। एनडीए के नेता और कार्यकर्ता भी मुख्यमंत्री के आगमन से पहले प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने लगे थे। पटना से सीएम की सुरक्षा में तैनात अधिकारियों ने भी मुजफ्फरपुर में डेरा डाल दिया था। हालांकि, दौरा स्थगित होने की खबर आने के बाद प्रशासनिक तैयारियों पर विराम लग गया।
प्रगति यात्रा का पहला चरण
नीतीश कुमार ने अपनी प्रगति यात्रा की शुरुआत 23 दिसंबर को पश्चिम चंपारण जिले से की थी। इस यात्रा का उद्देश्य बिहार में विकास कार्यों की समीक्षा करना और जनता के साथ संवाद स्थापित करना है। मुजफ्फरपुर और वैशाली का दौरा पहले चरण की यात्रा का अंतिम हिस्सा था।
