दिल्ली में 2025 के विधानसभा चुनावों का ऐलान चुनाव आयोग ने मंगलवार, 7 जनवरी को कर दिया। भारत निर्वाचन आयोग द्वारा विज्ञान भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में चुनाव का शेड्यूल जारी किया गया। इसमें चुनाव आयोग ने दिल्ली विधानसभा चुनाव एक ही फेज में करने का ऐलान किया है। दिल्ली की 70 सीटों वाली विधानसभा का कार्यकाल 23 फरवरी 2025 को समाप्त हो रहा है, जिसके पहले नई सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी होनी है। 70 सीटों में 58 सामान्य सीटें हैं जबकि 12 सीटें एससी के लिए आरक्षित हैं।
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 का शेड्यूल
- वोटिंग : 05 फरवरी
- मतगणना : 08 फरवरी
दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025: आज बजेगा चुनावी बिगुल, फरवरी में होंगे चुनाव
दिल्ली में एक करोड़ 55 लाख से अधिक मतदाता
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने सोमवार को मतदाता सूची जारी की, जिसमें कुल 1,55,24,858 मतदाता शामिल हैं।
- पुरुष मतदाता: 83,49,645
- महिला मतदाता: 71,73,952
- थर्ड जेंडर मतदाता: 1,261
दिल्ली में पिछले चुनावों में AAP का दबदबा
- 2015: आम आदमी पार्टी ने 70 में से 67 सीटें जीती थीं।
- 2020: पार्टी ने 62 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा ने 8 सीटों पर जीत दर्ज की।
- पिछले दो चुनावों में कांग्रेस का कोई विधायक दिल्ली विधानसभा में चुन कर नहीं पहुंचा है।
चुनावी तैयारियों में जुटीं पार्टियां
चुनाव की तैयारियों के तहत प्रमुख राजनीतिक दलों ने अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करनी शुरू कर दी है।
- आम आदमी पार्टी (AAP): सत्तारूढ़ पार्टी ने सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम पहले ही घोषित कर दिए हैं। अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में पार्टी चौथी बार सत्ता में वापसी का प्रयास कर रही है।
- कांग्रेस: पार्टी ने अब तक 48 उम्मीदवारों की घोषणा की है।
- भारतीय जनता पार्टी (BJP): भाजपा ने 29 उम्मीदवारों की सूची जारी की है और बाकी नामों को जल्द अंतिम रूप देने की बात कही है।
दिल्ली चुनाव की हाई प्रोफाइल सीटें
- नई दिल्ली : इस सीट पर आम आदमी पार्टी की ओर से लगातार तीसरी बार पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल उम्मीदवार हैं। जबकि भाजपा ने पूर्व सीएम साहिब सिंह वर्मा के बेटे और पूर्व सांसद प्रवेश वर्मा को टिकट दिया है। कांग्रेस की ओर से पूर्व सीएम शीला दीक्षित के बेटे और पूर्व सांसद संदीप दीक्षित उम्मीदवार बनाए गए हैं।
- कालकाजी : इस सीट पर आम आदमी पार्टी ने सीएम आतिशी को मैदान में उतारा है। जबकि भाजपा ने पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी और कांग्रेस ने अलका लांबा को टिकट दिया है।
- जंगपुरा : इस सीट से पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया AAP के उम्मीदवार हैं। जबकि भाजपा ने सरदार तरविंदर सिंह मरवाह और कांग्रेस से फरहाद सूरी उम्मीदवार बनाए गए हैं।
- पटपड़गंज : इस सीट से AAP के उम्मीदवार यूपीएससी की तैयारी कराने वाले शिक्षक अवध ओझा मैदान में हैं। भाजपा ने रविंद्र सिंह नेगी को उम्मीदवार बनाया है। जबकि कांग्रेस ने चौधरी अनिल कुमार को उम्मीदवार बनाया है।
- ग्रेटर कैलाश : दिल्ली सरकार में मंत्री सौरभ भारद्वाज इस सीट पर AAP के उम्मीदवार हैं। भाजपा ने इस सीट पर अभी उम्मीदवार के नाम की घोषणा नहीं की है। जबकि कांग्रेस ने गर्वित सिंघवी को टिकट दिया है।