आगामी दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के मद्देनजर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और उनकी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने केजरीवाल सरकार को “घोटालों की सरकार” करार देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने जनता के भरोसे के साथ विश्वासघात किया है।
गिरिराज सिंह ने कहा कि “अरविंद केजरीवाल सरकार 11 साल से सत्ता में है और जब से वह मुख्यमंत्री बने हैं, लगातार घोटाले हो रहे हैं। हाल ही में CAG रिपोर्ट पेश न करने की शिकायत आई थी। जनता से किए गए वादों में भी विश्वासघात हुआ। दवा घोटाला, शराब घोटाला, शिक्षा घोटाला, और CAG घोटाला—ये सब इस सरकार की पहचान बन गए हैं। घोटालों की सरकार के नेता आज हताश और परेशान हैं।”
केंद्रीय मंत्री ने केजरीवाल पर विभाजनकारी राजनीति का आरोप लगाते हुए कहा कि वह कभी पूर्वांचल के लोगों को गाली देते हैं और कभी हिंदुओं पर हमला करते हैं। गिरिराज सिंह ने कहा कि “उन्होंने भगवान राम और माता सीता का अपमान किया है। वह नकली राजनीतिक हिंदू हैं, जो सिर्फ दिखावे के लिए धर्म की बात करते हैं।”
गिरिराज सिंह ने केजरीवाल सरकार के कामकाज को लेकर उठ रहे सवालों को लेकर तीखा प्रहार किया। दवा और शराब घोटाले से लेकर शिक्षा और CAG रिपोर्ट तक, उन्होंने सरकार पर पारदर्शिता की कमी और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। विपक्ष का दावा है कि सरकार ने अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में विफलता दिखाई है।