इस बार भाजपा का शीर्ष नेतृत्व बिहार के नेताओं पर ज्यादा ध्यान दे रहा है। बिहार बीजेपी (Bihar BJP) का भी लोकसभा में दबदबा नजर आ रहा है। बेतिया के सांसद और बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ संजय जायसवाल को बीजेपी ने अहम जिम्मेदारी दे दी है। लोकसभा में संजय जायसवाल को सत्तारूढ दल का मुख्य सचेतक बनाया गया है। वहीं दरभंगा के सांसद गोपाल जी ठाकुर को सचेतक नियुक्त किया गया है। पार्टी के संसदीय दल की सूचना के बाद लोकसभा सचिवालय की ओर से इसकी अधिसूचना जारी कर दी गई है।

डॉ संजय जायसवाल को भारतीय जनता पार्टी की तरफ से लोकसभा में मुख्य सचेतक बनाये जाने पर पूरे बिहार एवं पश्चिमी चंपारण के जनता एवं भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर दौड़ गई है। भाजपा कार्यकर्ताओं की तरफ से बधाईयों का तांता लगा हुआ है। ज्ञात हो कि वर्ष 2019 में भी सांसद डॉ संजय जायसवाल को लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी की तरफ से मुख्य सचेतक बनाया गया था।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव को बताया विदेशी…
बता दें कि संजय जायसवाल लगातार चौथी बार सांसद चुने गए हैं। बिहार बीजेपी के अध्यक्ष पद पर भी लंबे समय तक रहे। सितंबर 2019 में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बने और 23 मार्च 2023 तक रहे। अध्यक्ष पद पर उन्होंने अच्छा काम किया और पार्टी को बिहार में मजबूती दी। लोकसभा सदस्य रहते हुए संजय जायसवाल सूचना और प्रसारण मंत्रालय की परामर्शदात्री समिति में भी रहे। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण समिति के अलावा अनुमान समिति और शासी निकाय जेआईपीएमईआर पांडिचेरी के सदस्य भी रह चुके हैं।पार्टी में डॉ जायसवाल का शानदार अनुभव रहा है।