बिहार में नई सरकार बनने के बाद आज पहली पहली बार नियुक्ति पत्र का वितरण किया जाएगा। इस वितरण समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, शिक्षा मंत्री विजय कुमार चौधरी और विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के मंत्री सुमित सिंह भी मौजूद रहेंगे। विधानसभा सत्र के बाद मुख्यमंत्री सचिवालय संवाद में 12:30 बजे से नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम होगा। सोशल मीडिया के माध्यम से नियुक्ति पत्र वितरण का लाइव टेलीकास्ट किया जाएगा।
2133 अभ्यर्थियों को मिलेगा नियुक्ति पत्र
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज 2133 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे, बिहार सचिवालय सेवा अंतर्गत 1333 सहायक प्रशाखा पदाधिकारी, विज्ञान प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग अंतर्गत 228 सहायक अध्यापक और 572 व्याख्याता को भी नियुक्ति पत्र सौपेंगे।
एनडीए की सरकार मेंं बड़े पैमाने पर नौकरी देने का वादा
महागठबंधन सरकार के साथ सीएम नीतीश ने सरकारी नौकरी देने की शुरुआत की वो आगे भी जारी रहेगा। इसके तहत आज 2133 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा। महागठबंधन में जाने के बाद नीतीश कुमार ने 10 लाख नौकरी और 10 लाख रोजगार देने का वादा किया था जिसके बाद बड़े पैमाने पर शिक्षक नियुक्ति की गई, एनडीए की सरकार बनने के बाद विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण की चर्चा के बाद जवाब में अधिक से अधिक नौकरी देने का फिर से वादा किया है।