मुंगेर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक अंतरराज्यीय हथियार तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया। पुलिस ने इस दौरान 4 लोगों को गिरफ्तार किया, जिनमें 2 मध्य प्रदेश के हथियार खरीदार और 2 मुंगेर के हथियार सप्लायर शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से एक पिस्टल और दो देसी पिस्तौल, 50 हजार रुपये नकद और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
गिरोह का सरगना भी गिरफ्तार:
गिरफ्तार किए गए लोगों में मो. वली आजम, जो इस गिरोह का सरगना है, भी शामिल है। वली पर पहले से ही हथियार निर्माण और तस्करी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वली विभिन्न स्थानों पर कारीगरों को कच्चा माल देकर हथियार तैयार करता था और बिहार ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों में भी उसकी सप्लाई करता था।
हत्या के लिए खरीद रहे थे हथियार:
पुलिस पूछताछ में पता चला कि मध्य प्रदेश से आए दीपक कुमार और अजय कुमार, जिनको गिरफ्तार किया गया है, उनका मध्य प्रदेश के निरसिहपुर में किसी से लीज को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर वे उस व्यक्ति की हत्या करने के लिए मुंगेर से हथियार खरीदने आए थे।
क्या कहती है पुलिस
एसपी ने बताया कि यह गिरोह लंबे समय से हथियारों का धंधा कर रहा था। इस गिरोह के खिलाफ मुंगेर, जमालपुर, सफियासराय और पटना रेल थाने में भी हथियार निर्माण और तस्करी के मामले दर्ज हैं। पुलिस इस पूरे गिरोह के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की बात कह रही है।