देश और बिहार की राजनीति में नए साल की शुरुआत बड़े राजनीतिक संदेशों के साथ हो रही है। बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भारत के दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने, मंत्रियों द्वारा संपत्ति विवरण सार्वजनिक करने, विपक्ष खासकर राहुल गांधी की राजनीति, वर्ष 2025 के सियासी परिदृश्य और 2026 व आगे के लिए एनडीए के रोडमैप पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि जब पूरी दुनिया आर्थिक अस्थिरता और मंदी के दौर से गुजर रही है, ऐसे समय में भारत का तेज़ी से आगे बढ़ना हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि भारत ने वैश्विक मंच पर ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। जापान को पीछे छोड़ते हुए भारत का दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनना इस बात का प्रमाण है कि देश सही दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस सपने को देश ने देखा है, वह जल्द ही साकार होगा और भारत आने वाले समय में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनेगा। प्रधानमंत्री मोदी पहले ही संकेत दे चुके हैं कि भारत की विकास यात्रा रुकने वाली नहीं है, बल्कि आने वाले वर्षों में इसकी रफ्तार और तेज़ होगी।
सीनियर IPS आलोक राज बने BSSC अध्यक्ष.. भर्ती व्यवस्था में पारदर्शिता की उम्मीद
एसआईआर को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि बिहार में एसआईआर की पूरी प्रक्रिया पारदर्शी रही है और किसी भी मतदाता ने यह शिकायत नहीं की कि उसका नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटाया गया। इसके बावजूद विपक्ष लगातार भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि विपक्ष आखिर चाहता क्या है। क्या वह यह चाहता है कि बांग्लादेशी घुसपैठिए, रोहिंग्या या अवैध रूप से देश में आए लोग चुनाव में मतदान करें। संजय सरावगी ने स्पष्ट किया कि एसआईआर के बाद यह पूरी तरह साफ हो गया है कि जो लोग स्थायी रूप से स्थानांतरित हो चुके थे, जिनकी मृत्यु हो चुकी थी या जिनके नाम डुप्लीकेट थे, उन्हें ही सूची से हटाया गया। आम जनता सब देख रही है और समझ रही है कि विपक्ष किस तरह का नैरेटिव गढ़ना चाहता है।
उन्होंने दावा किया कि सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पश्चिम बंगाल की जनता भी इन सच्चाइयों को देख रही है और आने वाले समय में वहां भी विपक्ष को जनता करारा जवाब देगी। भाजपा नेता के अनुसार लोकतंत्र की मजबूती के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया ज़रूरी है और एसआईआर उसी दिशा में उठाया गया कदम है।
जेल से अनंत सिंह ने लिखी चिट्ठी.. मोकामा चौक बचाने की उठी मांग
मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों द्वारा संपत्ति विवरण सार्वजनिक करने के मुद्दे पर संजय सरावगी ने कहा कि बिहार में सुशासन की परंपरा कोई नई नहीं है। यहां हर साल मंत्री, विधायक और अधिकारी अपनी संपत्ति का विवरण सार्वजनिक करते हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दे रखे हैं कि पारदर्शिता में किसी भी स्तर पर समझौता नहीं होगा। हाल ही में मंत्रियों के साथ स्वयं मुख्यमंत्री द्वारा संपत्ति विवरण सार्वजनिक करना सुशासन और आर्थिक शुचिता का मजबूत उदाहरण है, जो विपक्ष के आरोपों को स्वतः ही खारिज करता है।
कांग्रेस और राहुल गांधी की राजनीति पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस आज केवल एक परिवार तक सिमट कर रह गई है। यही वजह है कि देशभर में उसकी राजनीतिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेताओं ने भगवान श्रीराम जैसे मर्यादा पुरुषोत्तम पर भी सवाल उठाए, जिससे उनकी सोच और मंशा जनता के सामने उजागर हो गई। संजय सरावगी के अनुसार जनता अब इन मुद्दों को समझ रही है और इसी कारण देश में राजनीति की दिशा बदल चुकी है।
नये साल पर राहुल गांधी, अखिलेश यादव ने क्या कहा.. तेजस्वी यादव ने सभी को दी शुभकामनायें
नए साल और आने वाले समय के लिए एनडीए के रोडमैप पर बात करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2026 और उसके बाद का दौर विकास, सुशासन और पारदर्शिता का होगा। एनडीए सरकार जनता के विश्वास पर खरी उतरते हुए देश को आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक रूप से और अधिक मजबूत बनाने के लिए लगातार काम करती रहेगी। उनका कहना है कि भारत की आर्थिक ताकत, लोकतांत्रिक व्यवस्था और पारदर्शी शासन ही आने वाले समय में देश को वैश्विक नेतृत्व की भूमिका में स्थापित करेंगे।






















