विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री सुमित कुमार सिंह की अध्यक्षता में जिला कार्यान्वयन समिति की बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गयी। बैठक में सबसे पहले प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए वित्तीय वर्ष 2021-22 में कुल उपलब्धि 92.43 प्रतिशत बतायी गयी। इस संबंध में उप विकास आयुक्त ने जानकारी दी। बताया कि लंबित योजनाओं को तेजी से पूर्ण करने हेतु अभियान चलाया जा रहा है। जिसके साकारात्मक परिणाम जल्द ही देखने को मिलेंगे। मनरेगा में आधार सीडिंग का कार्य 95.98 प्रतिशत पूर्ण हो जाने की जानकारी दी गयी।
तेजी से चल रहा सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य
जिला कृषि पदाधिकारी के द्वारा जानकारी दी गयी कि इस वर्ष जिला में पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। अतः खाद की कमी नही होगी। जिला पंचायती राज पदाधिकारी ने जानकारी दी कि पंचायतों में सोलर स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य तेजी से चल रहा है। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जानकारी दी कि शैक्षणिक सत्र 2023-24 में वर्ग एक से आठ तक के विद्यार्थियों के लिए कुल 4 लाख 66 हजार 424 पुस्तकों की आपूर्ति करने का आदेश बीएसटीबीपीसी को दिया गया है।
16 अप्रैल 2023 तक कुल 3 लाख 13 हजार 776 पुस्तक आपूर्ति की गयी है। जिसमें से 3 लाख 6 हजार 79 पुस्तकों का वितरण छात्र-छात्राओं के बीच कर दिया गया है। सहायक निदेशक, जिला सामाजिक सुरक्षा कोषांग ने जानकारी दी की जिला में विभिन्न तरह के पेंशन लाभुकों की कुल संख्या 3 लाख 98 हजार 763 है। इनमें से 3 लाख 82 हजार 102 लाभुकों के खाते में पेंशन की राशि हस्तांतरित कर दी गयी है।
कार्यक्रम तय समय पर पूरा करें
मंत्री सुमित कुमार सिंह ने बताया कि जिला में सभी विभागों के विकासोन्मुखी कार्यक्रम को लक्ष्य के अनुरुप तय समय पर पूरा करें। ताकि समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्तियों को उसका लाभ मिल सके। जिला में किये जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि सभी विभागों के पदाधिकारियों के आपसी समन्वय एवं सहयोग से जल्द ही सारण जिला राज्य के तीव्र गति से विकास करने वाले जिला में शामिल होगा। ऐसी उनकी इच्छा है। बैठक में मंत्री जितेन्द्र राय, सासंद जनार्दन सिंह भी उपस्थित रहे।