पटना के ज्ञान भवन में दो दिवसीय ट्रैवेल एंड टूरिज्म फेयर 2023 का उद्घाटन उपमुख्यमंत्री सह पर्यटन मंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव, उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ, पर्यटन विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह, पर्यटन निगम के निदेशक नंदकिशोर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर तेजस्वी ने अपने संबोधन में कहा कि बिहार ने पर्यटन क्षेत्र में 2019 में पर्यटकों की संख्या 3.5 करोड़ से छलांग लगाकर 2023 में अब तक लगभग 5.75 करोड़ तक पहुंच गई है। जो पर्यटक यहां आते हैं, उन्हें हम कैसे 4 से 5 दिनों तक बिहार में रोक सकें ये हमारी चुनौती है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का धार्मिक, रामायण, बुद्ध, जैन, सिख और अन्य सर्किट पर विशेष ध्यान है। बिहार में जल्द ही नए अनूठे प्रस्तावों के साथ अपनी नई पर्यटन नीति लॉन्च करेगा।
हर क्षेत्र में बिहार आगे जा रहा
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में जबतक आप घूमेंगे नहीं तबतक देश को जानना असंभव है। बिहार न केवल धार्मिक बल्कि आध्यात्मिक रूप से कई पर्यटकीय स्थलों का संगम है। यहां भगवान बुद्ध, महावीर, गुरु गोबिंद सिंह जी हुए, सीता मैया की जन्मभूमि यहीं है, समुंद्र मंथन जिस पर्वत से हुआ, वह मंदार पर्वत यहीं है। ऐसे सभी पर्यटकीय स्थलों का प्रचार-प्रसार और वहां सुविधाओं का निर्माण करना सरकार का मुख्य उद्देश्य है। आज हर क्षेत्र में बिहार आगे जा रहा है। जीडीपी ग्रोथ रेट में बिहार देश में नंबर 1 है। तेजी से आधारभूत संरचना का विकास हो रहा है। बिहार के बारे में दूसरे प्रदेशों में ज्यादा गलत खबरें फैलायी जा रही है। बिहार की छोटी घटनाओं को भी बढ़ा कर पेश किया जाता है जिससे बिहार की छवि धूमिल हो रही है। कुछ लोग राजनीतिक फायदे के लिए बिहार की छवि खराब कर रहे हैं।

रामायण सर्किट, बुद्ध सर्किट का हो रहा विकास
उद्योग मंत्री समीर कुमार महासेठ ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सोच को उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव जी आगे बढ़ा रहे हैं। बिहार में पर्यटन के क्षेत्र में विकास हो रहा है। रामायण सर्किट, बुद्ध सर्किट पर विकास कार्य हो रहा है। आज लोग बिहार को बढ़ता बिहार के नाम से जानते हैं। यहां प्रकृतिक संसाधनों की कमी नहीं है। पर्यटन विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह ने कहा कि बिहार पर्यटन क्षेत्र में बिजनेस 2 बिजनेस जुड़ाव को बढ़ाना चाहता है। पारंपरिक संभावनाओं के अलावा, राज्य ने साहसिक खेलों और इको-टूरिज्म में नई प्रगति की है। उपमुख्यमंत्री जी की सोच को हमलोग आगे ले जाने का काम कर रहे हैं। कार्यक्रम में तेजस्वी प्रसाद यादव ने पर्यटन विभाग की पुस्तक रेडी रेकनर 2.0 व विपसना पर केंद्रित पोस्टर धम्म बिहार का विमोचन किया।