बिहार में लोकसभा चुनाव के बाद हुए विधानसभा उपचुनाव में एनडीए भी हारा और महागठबंधन भी। जिस तरह लोकसभा चुनाव में पूर्णिया की जनता ने निर्दलीय पप्पू यादव को बेहतर समझा। अब पूर्णिया लोकसभा के अंतर्गत आने वाली रुपौली विधानसभा के उपचुनाव में भी निर्दलीय शंकर सिंह जीते हैं। दोनों चुनावों का एक और कनेक्शन है कि दोनों चुनाव राजद की ओर से बीमा भारती ही हारी हैं। इसी को लेकर कांग्रेस समीक्षा बैठक कर रही है, जिसमें 2025 के चुनाव पर चर्चा होनी है। इसी बैठक के बहाने जदयू ने कांग्रेस और राजद दोनों पर वार किया है।
बिहार कांग्रेस की समीक्षा बैठक पर JDU की ओर से तंज करते हुए पूर्व मंत्री व विधान पार्षद नीरज कुमार ने कहा कि आखिरकांग्रेस किस बात की समीक्षा कर रही है? कांग्रेस के टिकट तो राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव तय करते हैं। नीरज कुमार ने आगे तेजस्वी यादव की हेलिकॉप्टर से अकेले चुनावी प्रचार पर तंज कसते हुए कहा कि “उड़नखटोला पर आपको साथ चढ़ने नहीं दिया जाता है। चुनाव प्रचार में RJD कांग्रेस से परहेज करती है।

इसके साथ ही जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने कांग्रेस के लिए चिंता जताते हुए कहा कि आखिर कांग्रेस पार्टी कब तक RJD के हाथों अपमानित होती रहेगी?
आपको बता दें कि कांग्रेस और राजद का गठबंधन बिहार में चल रहा है लेकिन लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को बिना विश्वास में लिए राजद ने अपने 8 प्रत्याशी घोषित कर दिए। इसमें औरंगाबाद जैसी सीट भी शामिल थी, जो कांग्रेस लड़ना चाहती थी। हालांकि बाद में दोनों दलों के बीच समझौता भी हुआ और दोनों पार्टियां साथ मिलकर चुनाव लड़ीं।