रांची में आज यानी 8 अक्टूबर को झारखंड कैबिनेट की बैठक होगी। यह बैठक शाम 4 बजे से झारखंड मंत्रालय के प्रोजेक्ट भवन स्थित मंत्रिपरिषद कक्ष में होगी, इसकी जानकारी सूचना एवं जनसंपर्क निदेशालय, रांची ने दी है। कहा जा रहा है कि हेमंत सोरेन सरकार की कैबिनेट बैठक में कई अहम प्रस्तावों पर मुहर लग सकती है।
सरकार बुजुर्गो के लिए पेंशन योजना में बदलाव करने की तैयारी कर रही है। खबर है कि अब इंदिरा गांधी वृद्धावस्था पेंशन योजना का लाभ 80 वर्ष के ऊपर के वृद्धों को भी दिया जायेगा। इस आशय की स्वीकृति कैबिनेट में दी जा सकती है। बतते चलें कि मंत्रिपरिषद की कल 8 अक्टूबर को प्रोजेक्ट भवन में शाम चार बजे से होने वाली बैठक में सड़क-पुल निर्माण इत्यादि की भी योजना की मंजूरी मिलेगी। इसके अलावा भी कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव की स्वीकृति मिल सकती है।
पिछली बैठक 28 सितंबर को आयोजित की गयी थी, इस बैठक में 48 प्रस्तावों को मंजूरी दी गयी थी। इसमें राज्य खाद्य सुरक्षा योजना के तहत 25 लाख लोगों को मुफ्त राशन प्राप्त करने की योजना को स्वीकृति मिली थी। इसके अलावा, राज्य के पीडीएस डीलरों को भी बड़ी राहत मिली, उनका कमीशन 100 रुपये से बढ़ाकर 150 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया।
वहीं राज्य के कोचिंग संस्थानों के शुल्क निर्धारण के लिए भी बड़ा कदम उठाया गया था। साथ ही प्रधान सचिव वंदना दादेल ने जानकारी दी थी कि रांची के कांके स्थित रिनपास में 10,74,68,00,700 रुपए की लागत से एक नया मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही कई अहम प्रस्ताव की स्वीकृति दी गयी थी।