झारखंड में पदस्थापित एक भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारी, संदीप सिंह, के बेटों के जन्म से जुड़े एक चौंकाने वाले मामले ने सभी को हैरान कर दिया है। वर्तमान में रांची नगर आयुक्त और पूर्व में रामगढ़ के उपायुक्त रहे संदीप सिंह के बेटों के जन्म प्रमाण पत्रों में फर्जीवाड़े का मामला उजागर हुआ है।
दावे के अनुसार, अधिकारी के दो बेटों का जन्म महज 17 दिनों के अंतर पर हुआ है। पहला जन्म प्रमाण पत्र 24 दिसंबर 2019 को जारी किया गया, जिसमें बेटे की जन्मतिथि 3 जून 2019 दर्ज है और नाम “आदि सिंह” है। वहीं, दूसरा प्रमाण पत्र 11 जून 2021 को जारी हुआ, जिसमें जन्मतिथि 17 मई 2019 दर्ज है और बेटे का नाम “अद्वैत सिंह” है।
दोनों जन्म प्रमाण पत्र रामगढ़ जिले से जारी किए गए हैं और जन्मस्थान एक ही स्थान, उपायुक्त आवास, रामगढ़, बताया गया है। हालांकि, दोनों तिथियों के दौरान संदीप सिंह रामगढ़ के उपायुक्त नहीं थे। 17 मई 2019 और 3 जून 2019 के दौरान वे साहेबगंज जिले में उपायुक्त के पद पर कार्यरत थे।
जन्म प्रमाण पत्रों में दर्ज तथ्यों को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं। दोनों बच्चों की जन्मतिथि और नाम अलग-अलग हैं, लेकिन स्थान और माता-पिता के विवरण समान हैं। इसे लेकर यह आरोप लगाया जा रहा है कि उपायुक्त-सह-जिला निबंधक के रूप में अपने प्रभाव का दुरुपयोग कर फर्जी प्रमाण पत्र बनवाए गए।