[Team insider] होली की मस्ती के बीच मधुमक्खियों ने भी हुड़दंग मचाया। रांची के आईजी आवास में होली मना रहे पुलिसकर्मियों पर अचानक मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इससे कई पुलिसकर्मी डंक के शिकार हो गए। वहां अफरा-तफरी मच गई।
आईजी आवास में होली मना रहे थे पुलिसकर्मी
दरअसल झारखंड पुलिस एसोसिएशन के पुलिसकर्मी व कई पदाधिकारी आईजी आवास में शनिवार को होली मना रहे थे। सभी नाच-गान और रंग लगाने में व्यस्त थे। इस बीच अचानक मधुमक्खियों ने उन पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया।
मधुमक्खियों के हमले के बाद इधर-उधर भागे पुलिसकर्मी
मधुमक्खियों के हमले के बाद पुलिसकर्मियों को इधर-उधर भागना पड़ा। कोई बंद कमरे में, कोई वाहनों में घुसकर, तो कोई आइजी आवास छोड़कर लंबी दूरी तक भागने के लिए मजबूर हुआ। मधुमक्खियों के हमले के बाद कई पुलिसकर्मी चोटिल भी हुए हैं। जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए नजदीक के अस्पताल भेजा गया है।