स्वतंत्रता दिवस के दिन बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। दरअसल गांधी मैदान में नीतीश कुमार स्वतंत्रता दिवस समारोह पर संबोधन दे रहे थे। इसी दौरान एक युवक सुरक्षा घेरे को तोड़ता हुआ तेजी से उनकी तरफ बढ़ने लगा। हालांकि सुरक्षाकर्मियों ने उसे नीतीश कुमार के पास पहुंचने के पहले ही दबोच लिया। इस पूरे मामले पर अपर जिला दंडाधिकारी एवं सिटी एसपी की संयुक्त जांच रिपोर्ट पटना के डीएम डॉ. चंद्रशेखर सिंह को सौंप दी गई है। रिपोर्ट में सीएम की सुरक्षा में कई स्तरों पर लापरवाही की बात सामने आई है। ऐसा फिर ना हो इसके लिए सुझाव भी दिए गए हैं। रिपोर्ट में उस युवक के बारे में भी विस्तार से बताया गया है जिसने सुरक्षा घेरे को तोड़ा था।
नीतीश के लिए काम नहीं आई लालू की सिफारिश? I.N.D.I.A के संयोजक पर सस्पेंस बरकरार
अनुकंपा की नौकरी की मांग कर रहा था युवक
रिपोर्ट के अनुसार 15 अगस्त को एक युवक चिल्लाते हुए मंच की ओर दौड़ा। सुरक्षाकर्मियों ने उसे पकड़ लिया, उसने अपना नाम नितेश कुमार, पिता-स्व राजेश्वर मंडल बताया। वह मुंगेर के सदर प्रखंड अंतर्गत गढ़ी गांव का रहने वाला है। नितेश ने बताया कि उसके पिता बीएमपी 5 में सिपाही थे। 1996 के लोकसभा चुनाव से लौटने के समय पटना के मसौढ़ी में नक्सली हमले में वे बलिदान हो गए थे। तब वह और उसके दो भाई नाबालिग थे। इस कारण अनुकंपा पर नौकरी नहीं मिल पाई, उसकी मां जयमाला देवी ने पुत्र की नौकरी के लिए आवेदन दिया था, लेकिन किसी कारणवश आजतक नौकरी नहीं मिल पाई।
वह इसी के लिए प्रयासरत था। इसी मांग को लेकर यह सीएम के पास जाने की कोशिश में था। सीसीटीवी फुटेज में पता चला कि सुबह 7.22 बजे वह अपने भाई एवं मां के साथ गेट नंबर छह से गांधी मैदान में घुसा। इसके बाद गेट नंबर पांच से गुजरते हुए दर्शक दीर्घा में चला गया। विद्यार्थियों के स्टैंड से बैरिकेडिंग के नीचे से होते हुए महिला दीर्घा की ओर गया। सेना के पदाधिकारियों के लिए बने दीर्घा में बैठ गया। इसके बाद किसी अधिकारी द्वारा वह मां के साथ मंच के पीछे से मीडिया के लिए बने मंच की ओर जाने लगा।वहां गांधी मैदान थानाध्यक्ष ने उसे समझाकर विशिष्ट अतिथि दीर्घा की ओर भेज दिया। वहीं से पिता के नाम पर मिला प्रशस्ति पत्र दिखाते हुए मंच की ओर जाने लगा। तब उसे पकड़ा गया।
टेजर गन का प्रयोग करने का सुझाव
जांच रिपोर्ट में यह भी सुझाव दिया गया है कि मंच के निकट वीवीआईपी दीर्घा, प्रेस दीर्घा के कोने पर मुख्यमंत्री सुरक्षा के अतिरिक्त सादे लिबास में जिला बल के पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति रहनी चाहिए। ऐसी परस्थिति को ससमय रोकने के लिए टेजर गन का प्रयोग किया जा सकता है। जिला पुलिस को टेजर गन आवंटित की जानी चाहिए।