रांची: लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष बीरेन्द्र प्रधान ने अपने पार्टी पदाधिकारियों संग आज भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी से उनके आवास पर मुलाकात की। इसके साथ ही लोजपा प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा कार्यालय में कर्मवीर सिंह से भी मुलाकात की। इस भेंट वार्ता झारखंड प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर लोजपा (रामविलास) के प्रदेश अध्यक्ष बिरेंद्र प्रधान ने बाबूलाल मरांडी एवं कर्मवीर सिंह से मुलाकात कर लोजपा – भाजपा गठबंधन को लेकर चर्चा की। प्रदेश अध्यक्ष ने झारखण्ड में गठबंधन के तहत कई सीटों पर चुनाव लड़ने को लेकर बाबूलाल मरांडी एवं कर्मवीर सिंह को प्रस्ताव सौंपते हुए कहा कि स्व रामविलास पासवान ने अपने कार्यकाल में प्रदेश के गरीब गुरबों एवं जनकल्याण के लिए अनेकों कार्य किये हैं।
उन्होंने कहा कि 2014 के विधानसभा चुनाव में लोजपा राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के तहत झारखंड में भाजपा आजसू के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था और राज्य में रघुवर दास की नेतृत्व में सरकार बनाने में कामयाब हुआ था। पार्टी के संस्थापक स्व रामविलास पासवान एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान के समरथ को की संख्या झारखंड में बहुत अधिक है। झारखंड में लोजपा रामविलास का संगठन काफ़ी मज़बूत है और जिस तरह से गठबंधन के तहत विगत लोकसभा चुनाव में पड़ोसी राज्य बिहार में पार्टी सौ प्रतिशत स्ट्राइक रेट के साथ जीत दर्ज की है उसी प्रकार झारखंड प्रदेश विधानसभा चुनाव में भी लोजपा-भाजपा गठबंधन सौ प्रतिशत सफलता हासिल करेगी।