जामताड़ा: आज जिला के समाहरणालय के समक्ष महिला मोर्चा की ओर से विरोध प्रदर्शन आयोजित किया गया। इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व भाजपा जिला मंत्री सुजाता सिंह भैया ने की। इस दौरान उन्होने कहा कि जिस सरकार में बहू बेटियों के मान सम्मान पर खतरा है, वैसी सरकार को ज्यादा दिन रहने नहीं देनी चाहिए। इस बार महिलाओं ने संकल्प ले लिया है कि सरकार को उखाड़ कर फेंकने का काम किया जाएगा। बता दें महिलाओं पर हो रहे हिंसा के एवं राज्य में गिरती विधि व्यवस्था के विरोध में भाजपा महिला मोर्चा की ओर से आक्रोश प्रदर्शन का आयोजन किया गया।
इस दौरान महिला आक्रोश प्रदर्शन कार्यक्रम की प्रमंडलीय प्रभारी डॉ. अंजुला मुर्मू, प्रदेश मंत्री महिला मोर्चा अनिता सोरेन भी इसमें शामिल हुई। वहीं इस कार्यक्रम में महिला मोर्चा की ओर से सरकार विरोधी नारे लगाए गए। वही आक्रोश प्रदर्शन में जामताड़ा जिले के सभी 6 प्रखंडों से महिलाएं पहुंची थी। जिला मंत्री सुजाता सिंह भैया ने कहा कि इस गठबंधन की सरकार में आदिवासी महिलाओं पर काफी जुल्म हुआ है और सरकार मौन रही। अब जब चुनाव का समय आया तो महिला वोट को समेटने के लिए मंईयां सम्मान योजना लागू की गयी है। जबकि वास्तविकता कुछ और है, यह मंईयां सम्मान नहीं महिलाओं को परेशान करने की योजना है।
इस दौरान प्रदर्शन कार्यक्रम की प्रमंडलीय प्रभारी डॉ. अंजुला मुर्मू ने कहा कि हेमंत सोरेन की सरकार महिलाओं को सम्मान देने के नाम पर मंईयां सम्मान योजना लागू की है। लेकिन यह योजना भी सरकार की तरह विफल होगी। चुनाव से पहले इस योजना को लाकर महिलाओं के साथ धोखाधड़ी करने का काम किया गया है। इस विषय पर महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री अनीता सोरेन ने कहा कि इस हेमंत सरकार में महिलाओं पर लगातार अत्याचार हो रहा है। जो सरकार महिलाओं को सुरक्षा और संरक्षण नहीं दे सकती है, ऐसी सरकार को सत्ता में रहने का भी कोई अधिकार नहीं है। आगे उन्होनले कहा कि महिला मोर्चा गठबंधन सरकार की इस कार्यशैली का विरोध करती है और आने वाले चुनाव में इसे सत्ता से हटाने का काम करेगी। मौके पर पूर्व जिला अध्यक्ष सुकूमुनी हेंब्रम, पूर्व कृषि मंत्री सत्यानंद झा बाटुल, विथिका झा, बेबी पासवान, आभा आर्या भाजपा नेता वीरेंद्र मंडल, दुबराज मंडल, सुरेश राय, मनीष दुबे, कमल गुप्ता, सुप्रकाश सहित अन्य भाजपा नेता मौजूद थे