दरभंगा में 15 अक्टूबर को मनीष हत्याकांड हुआ था। इस कांड का 3 दिन बाद पुलिस ने गुरुवार को खुलासा कर दिया है। मनीष कुमार(24) की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसकी गर्लफ्रेंड के एक भाई को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि उसका दूसरा भाई अब भी फरार है। घटना सिंहवाड़ा ब्लॉक क्षेत्र का है।
आरोपी भाइयों ने अपनी बहन को मनीष कुमार के साथ रात दो बजे सुनसान जगह पर आपत्तिजनक स्थिति में पकड़ा था। इसके बाद दोनों भाइयों ने मनीष के सिर पर ईंट से वार कर उसकी हत्या कर दी थी। शव पास के ही तालाब में फेंक दिया था। एसडीपीओ सदर 2 ज्योति कुमारी ने बताया कि शव बरामद होने के 48 घंटे के अंदर ही पुलिस ने घटना का खुलासा कर लिया है। इस हत्याकांड के एक आरोपी आनंद कुमार मंडल को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, दूसरा आरोपी भाई अभी फरार है।
बता दें कि मनीष का शव 15 अक्टूबर को उसकी गर्लफ्रेंड के घर से महज 400 मीटर की दूरी पर स्थित तालाब से उपलाता हुआ बरामद किया गया था। इसके बाद पुलिस ने जांच के दौरान मनीष के मोबाइल फोन का कॉल डिटेल निकलवाया और आरोपी तक जा पहुंची। पुलिस को कॉल डिटेल में मनीष और उसकी गर्लफ्रेंड से देर रात बात होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस ने गर्लफ्रेंड के परिजनों से कड़ाई से पूछताछ की तो गर्लफ्रेंड के एक भाई आनंद कुमार मंडल अपना गुनाह कबूल कर लिया।