RANCHI : रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र से गायब एक नाबालिग उत्तर प्रदेश के रेड लाइट एरिया से बरामद हुई है। वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। नाबालिग लड़की को उसके ही पड़ोसी के द्वारा एक महिला दलाल के पास भेज दिया गया था। यूपी पुलिस के साथ की गई छापेमारी में महिला दलाल के पास फंसी कई लड़कियों को भी मुक्त कराया गया है। नाबालिग लड़की के परिजनों ने 13 अगस्त को सुखदेव नगर थाने में अपनी बेटी के गायब होने को लेकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में नाबालिग को गायब करने का आरोप ज्वाला प्रसाद नाम के व्यक्ति पर लगाया गया था।ज्वाला प्रसाद नाबालिग के पड़ोस में रहता था। सुखदेव नगर पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी तो उन्हें यह जानकारी मिली कि नाबालिग को उत्तर प्रदेश के कुशीनगर स्थित कासिया बाजार में एक महिला दलाल के पास बेच दिया गया है।
महिला दलाल के पास थी कई लड़कियां
सुखदेव नगर थाने की एक टीम जब यूपी के कासिया बाजार पहुंची और उन्होंने स्थानीय पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। जिस महिला के बारे में यूपी पुलिस को जानकारी दी गई थी उसे लेकर यूपी पुलिस के पास भी कुछ जानकारियां थीं। जिस्मफरोशी के धंधे में लिप्त होने के साथ ही बाहर से लड़कियों को लाकर रखने का भी आरोप था। पुख्ता जानकारी मिलने के बाद यूपी पुलिस के साथ रांची पुलिस ने महिला के ठिकाने पर रेड किया। रांची की नाबालिग समेत अन्य लड़कियों को छुड़ाया गया। फिलहाल पुलिस महिला से पूछताछ कर रही है।