भाजपा के तीन केंद्रीय मंत्रियों ने विधानसभा चुनाव जीतने के बाद मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया है। इनमें नरेंद्र सिंह तोमर, रेणुका सिंह और प्रह्लाद सिंह पटेल का इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्वीकार कर लिया है। अब इन मंत्रियों के विभागों को अर्जुन मुंडा, शोभा करंदलाजे, भारती प्रवीण पवार और राजीव चंद्रशेखर के बीच बांट दिया गया है। इसमें अर्जुन मुंडा को नरेंद्र सिंह तोमर का कृषि विभाग दिया गया है। अर्जुन मुंडा के पास पहले के विभाग बने रहेंगे।
वहीं राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे को प्रह्लाद सिंह पटेल के स्थान पर उनके मौजूदा पोर्टफोलियो के अलावा, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री का प्रभार दिया गया है। जबकि आईटी राज्य मंत्री राजीव चन्द्रशेखर को उनके मौजूदा विभागों के अलावा, जल शक्ति मंत्रालय में राज्य मंत्री का प्रभार सौंपा गया है। वहीं राज्य मंत्री भारती प्रवीण पवार को उनके मौजूदा पोर्टफोलियो के अलावा, जनजातीय मामलों के मंत्रालय में राज्य मंत्री का प्रभार दिया गया है। वे रेणुका सिंह सिंह की जगह लेंगी।
10 सांसदों ने दिया है इस्तीफा
भाजपा के 10 सांसदों ने इस्तीफा दिया है। इनमें तीन केंद्रीय मंत्री थे। ये सभी मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में विधानसभा चुनाव जीते हैं। अब पार्टी ने इन्हें राज्य में काम करने के लिए दिल्ली से विदा करने का निर्णय लिया है। राजस्थान के जयपुर ग्रामीण से सांसद राज्यवर्धन राठौड़, राजसमंद से दीया कुमारी, मध्य प्रदेश के मुरैना से नरेन्द्र सिंह तोमर, दमोह से प्रह्लाद पटेल, जबलपुर से राकेश सिंह, सीधी से रीति पाठक, होशंगाबाद से उदय प्रताप सिंह तथा छत्तीसगढ़ के रायगढ़ से गोमती साय और बिलासपुर से सांसद अरुण साव समेत 10 सांसदों ने इस्तीफा दिया है।