मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रदेशवासियों को रक्षाबंधन की बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। रक्षा बंधन पर जारी अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के प्यार एवं स्नेह का त्योहार है। रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश एवं देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। इसके अलावा मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने रक्षा बंधन एवं ‘बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस’ के पावन अवसर पर आज पटना स्थित राजधानी वाटिका में वृक्ष को रक्षा सूत्र बांधा। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर राजधानी वाटिका में पौधे का रोपण भी किया।

ज्ञातव्य है कि 13 अगस्त 2012 को रक्षा-बंधन के शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने “बिहार वृक्ष सुरक्षा दिवस” का शुभारंभ किया था। इसका उद्देश्य है कि पर्यावरण के प्रति लोग जागरूक हों, पौधों को संरक्षित करें और अधिक से अधिक वृक्षारोपण करें। जलवायु परिवर्तन से पृथ्वी पर हो रहे नुकसान को कम करने के लिए वृक्षारोपण करना एवं इन्हें बचाना अतिआवश्यक है। जल-जीवन-हरियाली एवं अन्य योजनाओं के अन्तर्गत बड़े पैमाने पर वृक्षारोपण किया जा रहा है। राज्य में इको टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जा रहा है।
रक्षाबंधन पर तेजस्वी यादव की बिहार की बहनों को चिट्ठी.. महिलाओं के लिए वादों का पिटारा
राज्य सरकार की योजनाओं एवं प्रयासों से राज्य के लोग पर्यावरण, जीव-जंतुओं के संरक्षण तथा वृक्षारोपण के प्रति जागरूक हो रहे है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री डॉ० सुनील कुमार सहित अन्य वरीय अधिकारी एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।






















