झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन (Shibu Soren) का आज निधन हो गया। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शिबू सोरेन के निधन पर दुख जताया। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की है। मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा है कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन जी का निधन दुःखद। स्व॰ शिबू सोरेन जी एक प्रख्यात राजनेता थे। वे तीन बार झारखंड के मुख्यमंत्री रहे थे। झारखंड की राजनीति में उनका अहम योगदान रहा है। उनके निधन से न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र में अपूरणीय क्षति हुई है। दिवंगत आत्मा की चिर-शांति तथा उनके परिजनों एवं प्रशंसकों को दुःख की इस घड़ी में धैर्य धारण करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना है।

तेजस्वी यादव ने लिखा- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, कद्दावर नेता, गरीब वंचित उपेक्षित और मेहनतकश वर्गों के स्वर, आदिवासी अधिकारों के प्रबल पैरोकार अभिभावक दिशोम गुरु श्री शिबू सोरेन जी के निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त करता हूं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उनकी आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। सामाजिक न्याय और आदिवासी कल्याण के लिए किए गए उनके ऐतिहासिक कार्यों को सदैव याद रखा जाएगा।

जीतन राम मांझी ने लिखा- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के निधन से व्यथित हूँ।ईश्वर उनके पुण्य आत्मा को शांति प्रदान करे। उनके परिजनों और समर्थकों को ये अपार कष्ट सहन करने की शक्ति प्रदान करे। देश के आदिवासी समाज के विकास में किए गएं उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने लिखा कि झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री, पूर्व केंद्रीय मंत्री और झारखंड मुक्ति मोर्चा के संस्थापक, शिबू सोरेन जी के निधन से मैं दुःखी हूँ। उन्होंने अलग झारखंड प्रदेश और वहाँ के लोगों के जल, जंगल, जमीन के अधिकार और आदिवासी संस्कृति के संरक्षण के लिए आजीवन संघर्ष किया। मैंने उनके सुपुत्र और झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन जी से बात कर उनके परिवार और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त की। दुःख की इस घड़ी में ईश्वर उन्हें संबल प्रदान करे।
शिबू सोरेन के निधन पर लालू और मरांडी ने जताया शोक.. पीएम मोदी ने हेमंत सोरेन से की बात
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने लिखा- झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और JMM के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन जी के निधन का समाचार सुनकर गहरा दुख हुआ। आदिवासी समाज की मज़बूत आवाज़, सोरेन जी ने उनके हक़ और अधिकारों के लिए आजीवन संघर्ष किया। झारखंड के निर्माण में उनकी भूमिका को हमेशा याद रखा जाएगा। हेमंत सोरेन जी और पूरे सोरेन परिवार के साथ-साथ गुरुजी के सभी समर्थकों को गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं।