BPSC 70वीं कंबाइंड परीक्षा के लिए आवेदन की प्रक्रिया अभी जारी है। इसी बीच आयोग ने नोटिस जारी कर 70 और पद को जोड़ा है। जिसमें प्रोबेशन पदाधिकारी के 35, सहायक निबंधक के 29 और वित्तीय प्रशासनिक पदाधिकारी के 6 पद शामिल हैं। इससे पहले आयोग ने 1957 पदों पर भर्ती निकाली थी, जो अब बढ़कर 2027 हो गई है। बिहार लोक सेवा आयोग के इतिहास में संयुक्त सिविल सेवा में यह सबसे बड़ी वैकेंसी है।
आयोग की ओर से ऑनलाइन आवेदन करने की भी अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 4 नवंबर तक कर दी गई है। इससे पहले अभ्यर्थियों को 18 अक्टूबर तक ऑनलाइन आवेदन करने का मौका दिया गया था। इसके साथ ही आयोग ने अभ्यर्थियों को वन टाइम रजिस्ट्रेशन में सुधार का भी मौका दिया है। आयोग की ओर से कहा गया है कि वन टाइम रजिस्ट्रेशन में अंकित अभ्यर्थी का नाम, पिता का नाम, माता का नाम और जन्म तिथि के कॉलम को छोड़कर निबंधन (Registration) के अन्य सभी कॉलमों में सुधार कर सकेंगे। इसके लिए आयोग के आधिकारिक वेबसाइट पर 19 अक्टूबर से ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि तक अपडेट डिटेल्स की लिंक उपलब्ध रहेगा।
कंबाइंड परीक्षा के शेड्यूल में भी बदलाव किया गया है। प्रारंभिक परीक्षा अब 13 और 14 दिसंबर को होगी। पहले 17 नवंबर को होनी थी। लेवल-9 में इन पदों पर भर्ती के लिए अनुमंडल पदाधिकारी/वरीय उप समाहर्ता 200 सीट्स, पुलिस उपाधीक्षक (बिहार पुलिस सेवा) के लिए 136 सीट, राज्य कर आयुक्त (बिहार वित्त सेवा) के लिए 168 सीट, विभिन्न विभाग में 174 सीट है।
लेवल-7 में इन पदों पर भर्ती
ग्रामीण विकास पदाधिकारी: 393
राजस्व अधिकारी: 287
आपूर्ति निरीक्षक: 233
प्रखंड अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण पदाधिकारी: 125
विभिन्न विभाग में: 213
लेवल-6 में इन पदों पर भर्ती: प्रखंड अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग- 28
BPSC 70वीं में इस बार 8 से 10 लाख आवेदन आने की संभावना है। इससे पहले 400 से 800 पदों के लिए भर्ती निकलती थी। इसमें 4 लाख से अधिक आवेदन आए थे। इस बार रिक्त पदों की संख्या दोगुनी है। इसमें देशभर के सिविल सेवा की तैयारी करने वाले छात्र जुटेंगे। खासकर वैसे अभ्यर्थी जो यूपीएससी क्लियर नहीं कर पा रहे है, इनकी संख्या भी BPSC 70वीं में अधिक होगी।