रांची: झारखंड चुनाव प्रभारी सह केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि 15 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का झारखंड दौरा होने वाला है। इस दौरान पीएम जमशेदपुर की धरती से झारखंड और देश के अन्य प्रदेशों को कई सौगात देने वाले हैं। केंद्रीय कृषि मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के विधानसभा चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 सितंबर को जमशेदपुर को वंदे भारत ट्रेन की सौगात देने वाले हैं। इसके अलावा झारखंड के एक लाख तेरह हजार एक सौ पंचानवे गरीबों को पीएम आवास की पहली किस्त जारी करेंगे।
चौहान ने बताया कि दूसरे प्रदेशों के लिए भी पीएम आवास की राशि जारी करने समेत कई अन्य सौगात प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देने वाले हैं। विधानसभा चुनाव के सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी के कार्यक्रमों के संबंध में चुनाव प्रभारी शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि पार्टी की ओर से राज्य भर में 6 परिवर्तन यात्रा निकाली जाएगी। परिवर्तन यात्रा की शुरुआत और समापन के दौरान स्थानीय वरिष्ठ नेताओं के साथ स्थानीय नेताओं की उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार के झूठे और खोखले वादे को राज्य की जनता भली भांति जानती है। जनता ने अब पूरी तरह से इस सरकार को उखाड़ फेंकने और भाजपा की सरकार बनाने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि परिवर्तन यात्रा के माध्यम से राज्य की वास्तविकता को जनता के समक्ष और अधिक गहराई के साथ रखा जाएगा।
केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि चुनाव की तारीखों को नजदीक देखते हुए गठबंधन की सरकार और मुख्यमंत्री धड़ाधड़ योजनाओं का पिटारा खोल रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपरीत मौसम होने के बावजूद सरकार ने सिपाही बहाली शुरू की जिसमें अब तक 16 नौजवानों ने अपनी जान दे दी है। शिवराज सिंह चौहान ने राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह महज हादसा नहीं बल्कि हत्या है जनता इसे माफ नहीं करेगी।