संसद का मानसून सत्र आज (21 जुलाई 2025) से शुरू हो गया है। सत्र की शुरुआत के साथ ही लोकसभा में विपक्ष ने जमकर नारेबाजी की है। लोकसभा में पहलगाम आतंकी हमला, बिहार में SIR, मणिपुर समेत कई मुद्दे पर बहस हुई। RJD सांसद मनोज कुमार झा ने कहा कि इस पूरे सत्र में बहुत सारे मुद्दे हैं। एक तरफ सरकार की हठधर्मिता है दूसरी ओर विपक्ष की प्रतिबद्धता है कि हम संसद में जनसरोकार के मुद्दों को रखेंगे।

उन्होंने कहा कि बिहार में हो रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की पोल खुल चुकी है। SIR के नाम पर लोग बेदखल किए जा रहे हैं। सर्वोच्च न्यायालय के सुझाव के बावजूद चुनाव आयोग के कान पर जू तक नहीं रेंग रही है। संभवतः कान, आंख, नाक किसी सत्ता प्रतिष्ठान के पास गिरवी है। आज हमने इस संदर्भ में अपनी बात रखने की कोशिश की। लोकतंत्र में मतदाता अगर बेदखल होता है तो इसका कोई मतलब नहीं है।
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि पहलगाम, पुलवामा जैसे मुद्दों पर और ट्रंप के समझौते वाले बयान पर प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए। SIR देश का मुद्दा है। बिहार केवल झांकी है, असम और बंगाल बाकी है। वहीं बिहार में आज विधानसभा के सत्र के दौरान विपक्ष के वाक ऑउट करने पर पप्पू यादव ने नाराज़गी जताई है। उन्होंने कहा कि हमें आश्चर्य हो रहा है कि विपक्ष ने बिहार में वॉकआउट किया है। आप क्यों वॉकआउट कर रहे हैं? सीना तान कर खड़े रहिए। सदन को चलने मत दीजिए। आप 2 मिनट में वॉकआउट कर रहे हैं। SIR के मुद्दे पर वॉकआउट नहीं करना चाहिए।
Bihar Politics: नीतीश कुमार अपने बेटा को बना दें मुख्यमंत्री.. राबड़ी देवी ने कर दी बड़ी मांग
वहीं बिहार में जारी SIR के मुद्दे पर कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि हम सदन चलाना चाह रहे हैं। बिहार में जो चुनाव आयोग की प्रक्रिया चल रही है, हमारी उसपर चर्चा की मांग है। इस तरह की प्रक्रिया गलत है, लोकतंत्र के खिलाफ है और लोगों को वोट देने से वंचित किया जा रहा है।