बिहार में कड़ाके की ठंड (Patna Cold Wave Alert) और लगातार बढ़ते कोल्ड डे की स्थिति ने जनजीवन को गहरी चुनौती दी है। राजधानी पटना सहित राज्य के कई जिलों में ठिठुरन और घने कोहरे के बीच हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। इसी कारण पटना जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एसएम ने स्कूल संचालन को लेकर बड़ा प्रशासनिक निर्णय लिया है। आदेश के अनुसार प्री-स्कूल से लेकर कक्षा 5 तक के सभी सरकारी एवं निजी स्कूल अब 13 जनवरी तक बंद रहेंगे। पहले यह आदेश 11 जनवरी तक लागू था जिसे बढ़ाकर 13 जनवरी तक कर दिया गया है।

कक्षा 6 से ऊपर के छात्रों के लिए स्कूल समय में बदलाव किया गया है। अब शिक्षण संस्थान सुबह के बजाय 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक ही संचालित होंगे। डीएम कार्यालय की ओर से जारी निर्देश में कहा गया है कि कठोर ठंड, स्वास्थ्य सुरक्षा और बच्चों की सेफ्टी को ध्यान में रखते हुए यह आदेश जारी किया गया है।
अत्यधिक ठंड से कांपा बिहार: इन जिलों में 13 और 14 जनवरी तक स्कूल बंद.. DM का सख्त आदेश
बिहार के मौसम को लेकर भारतीय मौसम विभाग ने गंभीर चेतावनी जारी की है। राज्य के 30 जिलों में घने कोहरे, विजिबिलिटी में कमी और शीतलहर की संभावना जताई गई है। विभाग के मुताबिक अगले 48 घंटे तक ठंड का असर और बढ़ सकता है तथा तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट संभव है। राज्य में इस समय घना कोहरा और हड्डी जमा देने वाली ठंड ने लोगों की दिनचर्या बदल दी है। सबसे अधिक प्रभावित वे जिलों की सूची है जहां ऑरेंज और येलो अलर्ट लागू किया गया है।

मौसम विभाग ने 17 जिलों में ऑरेंज अलर्ट तथा 13 जिलों में येलो अलर्ट लागू किया है। ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सिवान, गोपालगंज, मुजफ्फरपुर, दरभंगा, सारण, वैशाली, समस्तीपुर, खगड़िया, मुंगेर, जमुई, भागलपुर और बांका शामिल हैं। वहीं येलो अलर्ट बक्सर, भोजपुर, पटना, अरवल, बेगूसराय, जहानाबाद, नालंदा, शेखपुरा, कैमूर, नवादा, रोहतास, औरंगाबाद और गया में लगाया गया है।






















