Patna News: स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर पटना जिलाधिकारी त्याग राजन ने गुरुवार को गांधी मैदान का निरीक्षण किया। परंपरागत रूप से हर साल की तरह इस बार भी राज्य स्तरीय मुख्य समारोह गांधी मैदान में आयोजित होगा, जिसमें मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ध्वजारोहण करेंगे। निरीक्षण के दौरान डीएम ने पंडाल निर्माण, बेरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, आपातकालीन सेवाएं, और यातायात प्रबंधन जैसी व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समय पर पूरी हों और किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए। जानकारी के अनुसार, समारोह में आम लोगों के लिए 10 पंडालों की व्यवस्था की जा रही है ताकि बैठने में कोई असुविधा न हो। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए जा रहे हैं।
इस बार समारोह की विशेषता 13 भव्य झांकियों का प्रदर्शन होगा, जो बिहार की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और विकासात्मक यात्रा को दर्शाएंगी। इन झांकियों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विभागीय उपलब्धियों को भी प्रदर्शित किया जाएगा। बताया गया कि इससे पहले भी जिला प्रशासन द्वारा संबंधित विभागों और एजेंसियों के साथ कई दौर की बैठकें की जा चुकी हैं, जिनमें कार्यक्रम की रूपरेखा और जिम्मेदारियों का स्पष्ट विभाजन किया गया है।