23 नवंबर को बिहार के नगर विकास एवं आवास मंत्री नितिन नवीन द्वारा बिहार की 4 सीटों पर हुए उपचुनाव में NDA को प्रचंड जीत दिलाने के लिए जनता का धन्यवाद किया गया। उन्होंने कहा यह सिर्फ NDA की जीत नहीं बल्कि जनता की जीत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर एक बार फिर से जनता ने अपना भरोसा जताकर NDA की शक्ति को और मजबूत कर दिया है। दोनों के नेतृत्व पर जनता ने एक बार फिर से मुहर लगाई है। NDA सरकार में किए गए कार्यों को जनता ने स्वीकारा है, जिसका परिणाम हमारी यह जीत है।
वहीं, मंत्री ने कहा कि मैं बिहार की जनता का दिल से आभार व्यक्त करना चाहता हूं। उनके प्यार और आशीर्वाद का ही नतीजा है कि आज NDA सरकार ने चारों सीटों पर अपनी जीत हासिल की। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत ने भी इस जीत में बड़ा योगदान दिया। उन्होंने कहा कि बिहार के चारों उपचुनाव में NDA की जीत 2025 विधानसभा चुनाव का ट्रेलर है। ये नतीजे स्पष्ट संकेत हैं कि 2025 में NDA प्रचंड बहुमत से सरकार बनाएगी। साथ ही विपक्ष का सूपड़ा साफ हो जायेगा।
उन्होंने कहा कि राजद सिर्फ बड़े-बड़े दावे करना जानती है, लेकिन जनता अब उनके चाल को समझ गयी है और अब उसका जवाब देने के लिए भी तैयार है। इसका एक डेमो आज सभी ने देख लिया होगा। मैं बिहार विधानसभा उपचुनाव में NDA के सभी प्रत्याशियों को जीत की हार्दिक बधाई एवं अनंत शुभकामनाएं देता हूं। चुनाव में NDA को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए बिहार की जनता और कर्मठ कार्यकर्ताओं का दिल से धन्यवाद करता हूँ।