पटना: पूर्व विधान परिषद सदस्य एवं भाजपा के वरीय नेता प्रो. रणबीर नंदन ने केंद्रीय कैबिनेट में बिहार को मिली तरजीह को लेकर खुशी जताई है। बिहार के हिस्से में इस बार चार कैबिनेट मंत्री आए हैं। नरेंद्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल में बिहार को मिली इन अहम जिम्मेदारियों पर डॉ. नंदन ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी सरकार ने बिहार के विकास के लिए हमेशा प्रयास किया है। पिछले 10 सालों के दौरान जिस तेजी से प्रदेश के विकास में केंद्र की भूमिका रही है। केंद्र में मंत्री बने एनडीए के सभी नेताओं का अपने स्तर पर बिहार के विकास में अपना योगदान है, और इससे बिहार की जनता लाभान्वित होगी।
गिरिराज सिंह के विभाग के कार्यों का जनता को मिलेगा लाभ
डॉ. रणबीर नंदन ने कहा कि भाजपा के वरिष्ठ नेता गिरिराज सिंह बिहार प्रदेश की बड़ी उम्मीद हैं। उन्हें कपड़ा मंत्रालय का कार्यभार मिला है। बिहार की जनता को उनके विभाग के कार्यों का सीधा लाभ मिलेगा। यहां कपड़ा उद्योग विकसित किया जा सकता है, और उन्होंने खुद ही इसकी बात कही है। लोजपा रामविलास अध्यक्ष और केंद्र में फूड प्रोसेसिंग मंत्री बने चिराग पासवान से भी उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान की कृषि प्रधान राज्य में फूड प्रोसेसिंग यूनिट्स को लगवाने में बड़ी भूमिका होगी। बिहार फूड प्रोसेसिंग का हब बन सकता है क्योंकि बिहार की अर्थव्यवस्था कृषि आधारित है।
ओडिशा में पहली बार बीजेपी सरकार, 24 साल बाद राज्य को मिला आदिवासी सीएम
विकसित बिहार की नींव रखेगा एमएसएमई विभाग
वहीं जीतन राम मांझी को एमएसएमई का जिम्मा देने पर प्रो. रणबीर नंदन ने कहा कि यह विभाग विकसित भारत की नींव तैयार करने का सबसे महत्वपूर्ण विभागों में से एक है। छोटे उद्योगों की बिहार को जरुरत भी है। मांझी जी के मंत्री बनने से इसका सीधा लाभ बिहार को होगा। पशुपालन और मत्स्य पालन की दिशा में बिहार में एनडीए की सरकार ने भी व्यापक कार्य किया है। राजीव रंजन सिंह के इस मंत्रालय के मंत्री बनने से भी बिहार को सीधा लाभ होना निश्चित है।
डॉ. नंदन ने कहा कि रामनाथ ठाकुर को कृषि और कृषक कल्याण विभाग में राज्य मंत्री बनाया गया है। वह प्रदेश के कृषकों की जरूरतों से अवगत हैं। ऐसे में उनसे किसानों के लिए एक बेहतर माहौल तैयार होना आसान होगा। नित्यानंद राय को एक बार फिर मोदी सरकार में गृह मंत्रालय में राज्य मंत्री जैसा अहम पद मिला है। देश की आंतरिक सुरक्षा के लिए काम करने के साथ ही बिहार में भी उनकी भूमिका शानदार रही है। कोयला और खनन मंत्रालय में राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे और जलशक्ति मंत्री राज भूषण चौधरी से भी उन्होंने उम्मीद जताई। प्रो. नंदन ने कहा कि केंद्र में पीएम नरेंद्र मोदी और प्रदेश में सीएम नीतीश कुमार मिलकर बिहार को विकास के रास्ते पर ले जाने में अहम भूमिका रहे हैं और बिहार की उम्मीदों को पूरा कराया जा रहा है।