PM मोदी के बयान पर बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राजद नेता राबड़ी देवी ने पलटवार किया है। राबड़ी देवी ने कहा कि कुछ होने वाला नहीं है, उनकी धमकी से RJD और बिहार की जनता डरने वाली नहीं है। चुनाव का मुद्दा रोजगार, विकास, महंगाई और किसान है। हमारी सरकार बनेगी। INDIA गठबंधन को 300 पार सीटें मिलेंगी।
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को काराकाट में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा था कि एनडीए सरकार बिहार को लूटने वालों को नहीं बख्शेगी। उन्होंने अपने भाषण में कहा था कि ‘बिहार को लूटने वालों को एनडीए सरकार नहीं छोड़ेगी। मैं बिहार के लोगों को गारंटी देता हूं कि जिन्होंने गरीबों को लूटा और नौकरियों के बदले उनकी जमीन हथिया ली, उन्हें न्याय मिलेगा। उनकी जेल यात्रा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। एक बार जब उनकी हेलीकॉप्टर यात्रा समाप्त हो जाएगी, तो उनकी जेल की यात्रा शुरू हो जाएगी। बिहार को लूटने वालों को एनडीए सरकार नहीं छोड़ेगी। ये मोदी की गारंटी है।
पीएम मोदी ने कहा था कि ये इंडी गठबंधन के नेता अपने राजनीतिक हितों के लिए कुछ भी करेंगे। जब बिहारियों का अपमान होता है तो वे चुप रहते हैं। पंजाब के एक कांग्रेस नेता ने यह कहकर बिहारी मजदूरों का अपमान किया कि उन्हें पंजाब में घर खरीदने की अनुमति नहीं दी जाएगी। क्या कांग्रेस के शाही परिवार ने इसके लिए माफी मांगी? नहीं। क्या राजद नेता बिहारियों के लिए खड़े हुए? नहीं। राजद में बिहारियों के इस अपमान पर कांग्रेस को चुनौती देने का साहस नहीं है।