15 और 16 फरवरी को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की बिहार के औरंगाबाद और कैमूर में रैली होगी। रैली में आरजेडी और लेफ्ट पार्टियों के नेताओं को न्योता दिया गया है। कहा जा रहा है कि पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव कैमूर में होने वाली रैली में शामिल होंगे।
कैमूर की रैली में शामिल होंगे तेजस्वी
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अखिलेश प्रसाद सिंह ने मंगलवार को औरंगाबाद में आयोजित प्रेस वार्ता में राहुल गांधी की रैली को लेकर जानकारी दी। राहुल गांधी की यात्रा को लेकर महागठबंधन के सभी नेताओं को आमंत्रित किया गया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, दीपांकर भट्टाचार्य सहित अन्य नेताओं को इसमें भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। वहीं इस रैली में तेजस्वी के शामिल होने को लेकर आरजेडी प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि तेजस्वी कैमूर में राहुल की रैली में जाएंगे।
पिछले चरण में राहुल ने सीमांचल का किया था दौरा
बता दें कि, राहुल गांधी की यात्रा का बिहार में यह दूसरा चरण होगा। पहले चरण में उन्होंने पिछले महीने सीमांचल का दौरा किया था। इस दौरान उनकी पूर्णिया में जनसभा भी हुई थी। 15 फरवरी को राहुल गांधी सभास्थल गांधी मैदान में सीधे हेलीकॉप्टर से पहुंचेंगे। यहां दोपहर एक बजे सभा को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह सासाराम चले जाएंगे। अगले दिन 16 फरवरी को उनकी कैमूर जिले के दुर्गावती में भी जनसभा होगी।