गिरिराज सिंह लगातार हिंदू स्वाभिमान यात्रा पर बिहार के अलग-अलग जिले जा रहे हैं। इसी दौरान अपने बयानों से एक बार फिर सुर्खियों में भाजपा के फायरब्रांड नेता गिरिराज सिंह आए हैं। राजद ने गिरिराज सिंह पर पलटवार किया है।आरजेडी के राज्यसभा सांसद संजय यादव ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के थप्पड़वाले बयान पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि गिरिराज किस विभाग के मंत्री हैं, बिहार में कोई नहीं जानता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें कपड़ा नहीं लफड़ा मंत्री बना रखा है।
राजद के राज्यसभा सदस्य संजय यादव ने बयान जारी कर कहा कि गिरिराज सिंह के मन का पेंडुलम बकवाद और बकवास, बकबक और बड़बड़, बेकारी और बर्बादी और हिंदू और मुसलमान के बीच घूमता रहता है। वे कभी शिक्षा, स्वास्थ्य, गरीबी और बेरोजगारी की बात नहीं करते हैं। उन्होंने कहा कि पूरे देश में 7 पीएम मित्र मेगा टेक्सटाइल पार्क की स्थापना की स्वीकृति मिली। लेकिन कपड़ा मंत्री रहते हुए भी गिरिराज बिहार में कोई टेक्सटाइल पार्क नहीं लगवा पाए।
उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि केंद्र सरकार का एक मंत्री सार्वजनिक रूप से देशवासियों को थप्पड़ मारने की बात कर रहा। केरल और आंध्र प्रदेश के राज्यपाल क्रमश: आरिफ मोहम्मद खान और अब्दुल नजीर भी मुसलमान हैं। तो क्या उन्हें भी गिरिराज सिंह थप्पड़ मारेंगे!