मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज एक बार फिर इधर-उधर नहीं जाने की बात दोहराई। सीएम नीतीश लगभग अपने सभी कार्यक्रम में यह बात दोहराते रहते हैं। इसी को लेकर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने सीएम नीतीश पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पर लिखा है- हमसे गलती हुआ.. अब कहीं नहीं जाएंगे.. खुद को जलील करते हुए एक ही बात और कितनी दफा दुहराएँगे चाचा जी!! कुर्सी के मोह में जलालत सहने की तमाम हदें तो आपने बहुत पहले ही पार कर लीं और झेल लीं हैं।
अब बस करिए, बताने की जरूरत नहीं। बिहार के साथ-साथ पूरी दुनिया वाफिक है आपकी फितरत से और जिनके सामने आप लगातार गिड़गिड़ाए जा रहे हैं, वो भी जानते हैं आपकी गुलाटी मारने व् अपने कहे से मुकरने-पलटने की विलक्षण प्रतिभा को। चाचा जी.. आप उन लोगों के सामने ही घुटने टेक चुके हैं, जिन लोगों ने आपके डीएनए में खोट बताया था। फिर भी उनके पैरों पर आप लोट गए, तो वो ( जिनके पैरों पर आप लोटने को मजबूर हैं ) भी समझ ही गए कि “आप राजनीति के वो लोटन कबूतर हैं, जिस पर तनिक भी भरोसा करना उनकी सबसे बड़ी भूल होगी और आपको बिहार का एकनाथ शिंदे बनाने के सिवा उनके पास कोई दूसरा और विकल्प नहीं।
अमित शाह ने बिहारवासियों को दी करोड़ों की सौगात.. नीतीश की तारीफ, लालू पर बरसे
रोहिणी आचार्य ने आगे कहा कि लाख सफाई देते रहिए .. गिड़गिड़ाते रहिए .. मगर आपकी सदबुद्धि नहीं लौटी तो आपके भविष्य की पटकथा में कोई फर्क नहीं पड़ने वाला, तरस आता है ये देख कर कि आप खुद के लिए खुद ही भष्मासुर साबित हो रहे हैं।
बता दें कि पटना में केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ सहकारिता कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि 2005 से पहले बिहार की क्या स्थिति थी, शाम में कोई घर से बाहर नहीं निकलता था। पहले हिंदु-मुस्लिम का झगड़ा होता था। पढ़ाई का कोई इंतजाम नहीं था। वे लोग फालतू काम करते थे। पहले काफी बच्चे पढ़ते थे। इलाज का इंतजाम नहीं था। हमसे गलती हुई, दो बार हम उनलोगों को ले लिए। हम तय कर लिए हैं कि अब गलती नहीं होगी। हम तय कर लिए हैं। हमही लोग के पार्टी में कुछ लोग इधर-उधर कर दिया था। अब गलती नहीं होगी।