बिहार में गर्मी का प्रकोप जारी है। तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार, आज भी प्रदेश में अधिकांश जगहों पर मौसम शुष्क रहेगा। पूर्वी और उत्तरी भागों में गरज वाले बादल बनने की संभावना है। इन इलाकों में छिटपुट वर्षा हो सकती है। पटना समेत बाकी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।
पांच जिलों में हीट वेव अलर्ट: बक्सर, औरंगाबाद, गया, भभुआ और रोहतास में हीट वेव को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में लोगों को अत्यधिक गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
सात जिलों में गर्म रात्रि: सीतामढ़ी, मधुबनी, दरभंगा, भभुआ, रोहतास, औरंगाबाद और नवादा में गर्म रात्रि रहने की संभावना है। इन इलाकों में लोगों को रात में भी गर्मी से राहत नहीं मिलने की संभावना है।
पटना में 42.8 डिग्री तापमान:
पटना समेत अधिकांश जिलों के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। पटना में अधिकतम तापमान सामान्य से 5 डिग्री अधिक 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।यह इस सीजन का पटना का अब तक का सबसे अधिक तापमान है। वहीं औरंगाबाद 47.7 डिग्री सेल्सियस के साथ इस सीजन का सबसे गर्म शहर रहा। बक्सर में भी 46.4 डिग्री सेल्सियस के साथ लू का प्रभाव रहा। बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कुछ स्थानों पर छिटपुट वर्षा दर्ज की गई। पश्चिम चंपारण के वाल्मीकि नगर में 42.4 मिमी सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई।
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
आने वाले दिनों में भी बिहार में गर्मी का प्रकोप जारी रहने की संभावना है। कुछ इलाकों में गरज वाले बादल और छिटपुट वर्षा हो सकती है। वहीं 30 मई को पटना में आसमान साफ रहने का अनुमान है। तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पूर्वी और उत्तरी भागों में गरज वाले बादल बनने के साथ छिटपुट वर्षा की संभावना है।