[Team Insider] झारखंड से कई वीर सपूत जन्मे है। जिन्होंने देश की सेवा में अपने प्राणों की आहुति दी है। ऐसे में राज्य के कई ऐसे इलाके है।जहां के युवा देश सेवा में जाने के लिए हमेशा तैयार रहते हैं और फौज में जाने के लिए कड़ी मेहनत करते हैं। कुछ इन्हीं इलाकों में राज्य के एक जिले का एक ऐसा गांव है। जिसे फौजियों वाला गांव के नाम से भी जाना जाने लगा। इसके पीछे की खास वजह यह है इस गांव के युवाओं को फौज में जाने में वहां के लोग भी मदद करते हैं।साथ ही फौज में सेलेक्शन के लिए जिन मापदंडों की जरूरत होती है।उसकी पूरी तैयारी कराने में साथ देते हैं।
फौजियों वाले गांव के नाम से जाना जाता है भुसाई
दरअसल फौजियों वाले गांव के नाम से जाना जाने वाला यह गांव ‘भुसाई’ है। जो हजारीबाग जिले में है। इस गांव के 150 से ज्यादा युवक देश की सेवा के लिए फौज में अपना योगदान दे रहे हैं। फौजियों के इस गाँव के कई वीर सपूतों ने देश की रक्षा में अपने जान भी निछावर कर दिए हैं।
देश की सेवा में 80 घर के 150 लोग
फौजी वाला यह गांव हजारीबाग जिला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर इचाक प्रखंड के भुसाई में है। इस गाँव में लगभग 80 घर है। जिसमे 150 से ज्यादा युवक फौज और अन्य सुरक्षा एजेंसियो में है। इसीलिए इस भुसाई गाँव को लोग फौजियों का गांव भी कहते है। गांव भले ही छोटा है। लेकिन इस गांव के लोग देशभक्ति की मिसाल पेश कर रहे है।इस गांव में अक्सर सन्नाटा पसरा हुआ रहता है। इसके पीछे की वजह यह है कि यहां के ज्यादातर युवक देश की सरहद पर तैनात हैं और जो इस गांव में हैं, वह फौज में जाने की तैयारी में लीन रहते हैं।
गौरवान्वित महसूस करते हैं गांव के लोग
गांव के कई युवक कई सुरक्षा एजेंसियों में कार्यरत है। गांव वालों का कहना है कि उनके पूर्वजों ने इस देश को आजाद कराने में अपना सब कुछ बलिदान कर दिया था। इसी से प्रेरणा लेकर गांव के लोग देश की रक्षा करना अपनी पहली जिम्मेदारी और धर्म मानते है।भुसाई को फौजियों के गांव के रूप में लोग जानते हैं। इसको लेकर गांव में रहने वाले लोग खुद को गौरवान्वित भी महसूस करते हैं।
ऐसा मैदान जहां हमेशा फौज में जाने की तैयारी करते दिखते हैं युवक
इस गांव में एक ऐसा मैदान है। जहां हमेशा कोई ना कोई युवक फौज में जाने की तैयारी करते हुए दिख जाता है। कोई दौड़ते हुए तो कोई एक्सरसाइज करते हुए नजर आता है।इसके साथ ही कुछ रिटायर्ड फौजी युवाओं को फौज में जाने के लिए सही तैयारी की जानकारी भी देते हैं। रिटायर्ड फौजियों के द्वारा बताया जाता है कि परीक्षा पास करने के लिए किस तरह से तैयारी करनी है।साथ ही फिटनेस को किस तरह बरकरार रखना है और जिन मापदंडों को पूरा कर फौज में शामिल किया जाता है। उसे कैसे पूरा करना है।