पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के एक बयान को लेकर बिहार की सियासत गरमाई हुई है। जिसमें उन्होंने अपने बेटे को बिहार का मुख्यमंत्री बनाए जाने की कही थी। साथ ही अपने बेटे के शैक्षिक उपलब्धियों का जिक्र करते हुए इशारों-इशारों में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर भी निशाना साधा था। जिसे लेकर अब तेजस्वी यादव ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ कहा कि मुख्यमंत्री कौन होगा ये तय करना जनता का काम है। साथ ही तेजस्वी यादव ने बीबीसी पर हुए इनकम टैक्स की रेड को लेकर केंद्र सरकार पर भी तंज कसा है।
आमने-सामने मांझी और तेजस्वी
दरअसल अरवल में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए जीतन राम मांझी ने कहा कि मंत्री संतोष सुमन मांझी पढ़े लिखे हैं। उन्हें बिहार का मुख्यमंत्री बनाना चाहिए। इस बयान को लेकर जब मीडियाकर्मियों ने उनसे सवाल किया तब भी वो अपने बयान पर अडिग रहे।उन्होंने कहा कि संतोष पढ़ा लिखा है उसे मुख्यमंत्री बनाना चाहिए। साथ ही इशारों-इशारों में उन्होंने तेजस्वी यादव पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के लिए बहुत से नाम सामने आते हैं , वैसे लोगों को संतोष पढ़ा सकता है।
उसने नीट कंप्लीट किया है, प्रोफ़ेसर है सिर्फ यही है कि वह भुईया जाति से आता है। गरीबों के दलितों की आबादी 90 फ़ीसदी है, उनका प्रतिनिधित्व करने वाला होना चाहिए। इसीलिए मैं संतोष को मुख्यमंत्री के लिए प्रेषित करता हूँ। इस बयान को लेकर तेजस्वी यादव ने कहा कि ये उनकी अपनी मांग है। ये जनता तय करती है कि मुख्यमंत्री किसे बनाना है।
BBC पर रेड को लेकर तेजस्वी की प्रतिक्रिया
बीबीसी पर इनकम टैक्स की रेड को लेकर तेजस्वी यादव ने सीधे-सीधे केंद्र सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि आज जो भाजपा के खिलाफ बोलेगा उस पर इसी तरह की कार्रवाई होगी। उसे डराया और धमकाया जाएगा। वही उनके समर्थन में बोलने वाले को राज्यपाल बनाया जाता है। ये कोई नई बात नहीं है।
तेजस्वी के कार्यक्रम में मची भगदड़
दरअसल तेजस्वी यादव पटना के ज्ञान भवन में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान वहां भगदड़ मच गई। जिसमें एक व्यक्ति बेहोश होकर गिर गया । चरों तरफ मची अफरा-तफरी के बीच उस व्यक्ति को अस्पताल ले जाया गया।