बिहार विधानसभा चुनाव से पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव एक अलग ही अंदाज में दिख रहे हैं। तेजस्वी यादव लगातार ऐसे पीड़ित परिवारों से मिल रहे हैं जिनके घर का कोई न कोई सदस्य किसी दुर्घटना में मृत्यु का शिकार हुआ है। बीते कुछ दिनों से तेजस्वी यादव ऐसे ही परिवारों के आंसू पोछने और आर्थिक मदद करने निकल रहे हैं। वह पीड़ित परिवारों को पैसा बांट रहे हैं। हालांकि इसे चुनाव से जोड़ कर भी देखा जा रहा है। बिहार में इस साल के अंत तक चुनाव होना है। ऐसे में तेजस्वी यादव एक तीर से दो निशाना साध रहे हैं।
तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया एक्स पर कुछ तस्वीरें शेयर की है, जो मुंगेर और जमुई जिले की है। तेजस्वी यादव ने लिखा है कि- पलायन का दंश झेलकर मजबूरी में रोजी-रोटी के लिए बाहर कमाने गए मुंगेर के दो गरीब व्यक्तियों की दीवार गिरने से असामयिक मृत्यु हो गयी। कल रात्रि पीड़ित परिजनों से वार्ता कर उनका ढांढस बंधाया तथा पार्टी की ओर से आर्थिक सहायता राशि दी। पलायन का दंश एक व्यक्ति नहीं बल्कि उनका पूरा परिवार झेलता है। प्रतिवर्ष बिहार से बाहर अन्य राज्यों में विषम परिस्थितियों में कार्य करने वाले हजारों बिहारियों की मौत होती है। यह हमारे लिए सामूहिक चिंतन का विषय होना चाहिए।

इसके अलावा तेजस्वी यादव ने मुंगेर के ही निवासी मोहम्मद अली की सड़क दुर्घटना में दुःखद मृत्यु हो गयी थी तथा मुंगेर के ही तीन भाई- बहनों की गंगा स्नान करते वक़्त डूबकर मौत हो गयी थी। उनके शोक संतप्त परिजनों से मिलकर कर अपनी संवेदना व्यक्त की तथा पार्टी की ओर से पीड़ित परिजनों को आर्थिक मदद प्रदान की।
वहीं जमुई जिला में विगत दिनों सड़क दुर्घटनाओं में 15 से अधिक लोगों की दुःखद मौतें हो गयी थी। जिले के विभिन्न प्रखंडों का दौरा कर शोकाकुल परिजनों से मिलकर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की तथा उनका असहनीय दुःख-दर्द सांझा किया और पार्टी की तरफ से प्रत्येक पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता राशि प्रदान की।