बिहार की राजनीति (Bihar Politics 2025) में आज खगड़िया जिले का परबत्ता विधानसभा क्षेत्र सुर्खियों में है। नेता प्रतिपक्ष और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव हेलीकॉप्टर से परबत्ता पहुंच रहे हैं, जहां जदयू को एक बड़ा झटका लगने वाला है। जदयू विधायक डॉ. संजीव कुमार आज औपचारिक रूप से राष्ट्रीय जनता दल की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस मौके पर तेजस्वी यादव खुद उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाएंगे।
तेजस्वी यादव ने अपने आवास से निकलने के दौरान कहा कि संजीव जी के आरजेडी में शामिल होने से पार्टी खगड़िया में और मजबूत होगी। परबत्ता में आज होने वाला मिलन समारोह केवल सदस्यता ग्रहण कार्यक्रम नहीं, बल्कि चुनावी समीकरण बदलने वाला आयोजन माना जा रहा है। आरजेडी के लिए यह मौका उस समय आया है जब बिहार में 2025 विधानसभा चुनाव की गहमागहमी अपने चरम पर है।
नीतीश सरकार गिराने की साजिश.. इसलिए पार्टी छोड़ रहे संजीव कुमार, जेडीयू नेता ने किया खुलासा
कार्यक्रम को लेकर परबत्ता में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। भगवान हाई स्कूल मैदान में तेजस्वी यादव की सभा होनी है, जहां संजीव कुमार के आरजेडी में शामिल होने की औपचारिक घोषणा होगी। मैदान में कार्यकर्ताओं का उत्साह साफ दिख रहा है। चारों तरफ बैनर-पोस्टर लगाए गए हैं, हालांकि बारिश के कारण मैदान में पानी और कीचड़ जमा हो गया था जिसे मजदूरों की मदद से ठीक किया जा रहा है। इसी मैदान में हेलीपैड भी बनाया गया है, जहां से तेजस्वी यादव उतरेंगे।
डॉ. संजीव कुमार का जदयू छोड़कर आरजेडी में शामिल होना सीधे-सीधे जदयू के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। परबत्ता विधानसभा क्षेत्र में जदयू और आरजेडी के बीच सीधी टक्कर होती रही है और अब विधायक का पाला बदलना स्थानीय राजनीति को नई दिशा दे सकता है।





















