नए साल पर झारखंड में ठंडी बढ़ेगी। प्रदेश के कई इलाकों में बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने तापमान में गिरावट के भी संकेत दिए हैं। एक जनवरी से ही राजधानी रांची समेत पूरे प्रदेश में आंशिक बादल छाने और तापमान में गिरावट की आशंका है। मौसम में इस बड़े बदलाव का कारण हिमालयी क्षेत्र से आने वाले पश्चिमी विक्षोभ है। इसका असर झारखंड समेत कई राज्यों में हो रहा है। मौसम में आए इस बदलाव से कनकनी बढ़ जाएगी।
एक जनवरी की शाम से मौसम बदलेगा
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार अगले तीन दिनों तक मौसम में बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। दो जनवरी के बाद मौसम बदलेगा और आंशिक बादल छाए आएंगे। वैज्ञानिक के मुताबिक एक जनवरी की शाम से मौसम में बदलाव के आसार हैं। 2 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की बारिश का भी अनुमान है। इसके बाद राज्य के कई हिस्सों में ठंड बढ़ने की आशंका है।
कांके का न्यूनतम तापमान 1-2 डिग्री होने का पूर्वानुमान
कांके का तापमान 1 से दो डिग्री होने का पूर्वानुमान है। अभी पूरे प्रदेश में न्यूनतम तापमान सामान्य से दो से चार डिग्री तक बढ़ी है। प्रदेश के उत्तर पश्चिमी इलाके में बारिश के आसार हैं। इनमें प्रमुख रूप से पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में बारिश की संभावना है। 30 दिसंबर से फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की भी संभावना है।
अगले दिनों का मौसम पूर्वानुमान
30 दिसंबर :सुबह में हल्की व मध्यम दर्जे का कोहरा या धुंध रहेगा। फिर आसमान साफ रहेगा और मौसम शुष्क बनेगा।
31 दिसंबर: सुबह में कोहरा या धुंध छाई रहेगी। सुबह बाद आंशिक बादल छाए रहेंगे और मौसम शुष्क बना रहेगा
1 जनवरी : सुबह में कोहरा या धुंध रहने के आसार हैं। दिन चढ़ने के साथ आंशिक बादल छाए रहेंगे। मौसम शुष्क बना रहेगा।