झारखंड में अंतिम चरण की तीन सीटों पर 1 जून को वोटिंग होगी। दुमका साहिबगंज और गोड्डा में आदिवासी और ओबीसी वोटर्स की बहुलता है। इसे देखते हुए भाजपा ने दोनों समाज के अपने बड़े नेताओं को मैदान में उतार दिया है। बुधवार को मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव और छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय चुनाव प्रचार के लिए संताल क्षेत्र में पहुंचे। आदिवासी मतदाताओं के बीच भाजपा ने उनके ही समुदाय के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को भेजकर संदेश देने की कोशिश की। इसी तरह ओबीसी खासकर यादव मतदाताओं को संदेश देने के लिए मोहन यादव का दौरा आयोजित किया गया। पार्टी के दूसरे नेता भी क्षेत्र में लगातार प्रचार कर रहे हैं।
कोडरमा से भाजपा प्रत्याशी रहीं अन्नपूर्णा देवी भी दुमका और गोड्डा में भाजपा के लिए प्रचार कर रही हैं। अन्नपूर्णा देवी का मायका दुमका लोकसभा क्षेत्र के मसलिया प्रखंड में है। संताल क्षेत्र में यादव समाज के बीच उनके परिवार की बड़ी पहचान है। भाजपा को अन्नपूर्णा देवी के जरिए दुमका के ग्रामीण क्षेत्र में यादव समेत अन्य ओबीसी जातियों से वोट मिलने की उम्मीद है।
इसी तरह चतरा से भाजपा प्रत्याशी रहे कालीचरण सिंह भी दुमका लोकसभा के सारठ क्षेत्र में गांव-गांव घूम रहे हैं। भूमिहार जाति बहुल गावों में जाकर अपने स्वजातीय मतदाताओं को कालीचरण सिंह भाजपा को वोट देने के लिए प्रेरित कर रहे हैं। बता दें कि सारठ के विधायक रणधीर सिंह भी भूमिहार जाति से ही हैं।